जॉर्डन से आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कपड़ा, परिधान क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग पर की बातचीत

नयी दिल्ली, 01 अक्टूबर (वार्ता) जॉर्डन के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को राजधानी में कपड़ा सचिव नीलम शमी राव से मुलाकात की और वस्त्र एवं परिधान क्षेत्र में द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने पर बातचीत की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व वहां के निवेश मंत्रालय के महासचिव ज़ाहिर अल कतरनेह ने किया। इसमें नयी दिल्ली स्थित जॉर्डन के राजदूत यूसुफ अब्देलघनी, निवेश संवर्धन निदेशक हया ईमान और निवेश संवर्धन अधिकारी नूर मुराद शामिल थे। बैठक में कपड़ा मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कपड़ा उद्योग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

वित्त मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, चर्चा मुख्य रूप से द्विपक्षीय व्यापार, सोर्सिंग, निवेश और उद्योग साझेदारी (जिसमें संयुक्त उद्यम भी शामिल हैं) के विस्तार पर केंद्रित रही। जॉर्डन का कपड़ा और परिधानों का कुल आयात वर्ष 2025 में लगभग दो अरब डॉलर था, जबकि भारत से जॉर्डन को इस तरह की चीजों का निर्यात लगभग 4.8 करोड़ डॉलर था। इस प्रकार इसमें भारत की हिस्सेदारी मात्र 2.4 प्रतिशत रही। इसके बावजूद भारत जॉर्डन का चौथा सबसे बड़ा कपड़ा एवं परिधान आपूर्तिकर्ता बन गया।

बैठक में भारतीय पक्ष ने परिधान, कपड़े, तकनीकी कपड़ा, सूती कपड़े और तैयार उत्पाद के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर जोर दिया। इसमें बेहतर सोर्सिंग, निवेश और उद्योग साझेदारी के अवसर भी शामिल हैं। दोनों पक्षों ने भारत और जॉर्डन के प्रमुख फैशन, डिजाइन और कपड़ा संस्थानों के बीच संस्थागत और ज्ञान के आदान-प्रदान को मजबूत करने के अवसरों पर भी विचार किया। इसमें छात्र और फैकल्टी का आदान-प्रदान, डिजाइन में नवाचार और एआई-आधारित फैशन फोरकास्टिंग में सहयोग शामिल है।

दोनों पक्षों ने कपड़ा और परिधान क्षेत्र में सहयोग के चिह्नित क्षेत्रों पर व्यवस्थित और निरंतर जुड़ाव तथा आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मौजूदा संस्थागत तंत्र को फिर से सक्रिय करने की संभावना पर भी चर्चा की।

 

 

Next Post

मोदी से मुख्यमंत्री डॉ यादव ने की आत्मीय भेंट,ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए किया आमंत्रित

Thu Oct 1 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से आत्मीय भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मध्यप्रदेश में जारी विकास कार्यों, जनकल्याणकारी पहलों, उपलब्धियों, निवेश और प्रदेश की प्रगति से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी। […]

You May Like