
बनखेड़ी। बनखेड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का एक गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची के पड़ोसी रिश्तेदार ने उसे अकेला पाकर अपने घर ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। पुलिस ने माता-पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, घटना 11 नवंबर की शाम लगभग 4 बजे की है। घटना के समय, पीड़िता के माता-पिता मज़दूरी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान, पड़ोस में रहने वाला आरोपी बालिका को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
दादी के आने पर भागा आरोपी
जब लड़की ने मदद के लिए ज़ोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, तो बच्ची की आवाज़ सुनकर उसकी दादी मौके पर पहुंच गईं। दादी को देखकर आरोपी डर गया और वहां से भाग गया। घटना के दो दिन बाद, 13 नवंबर को शाम 5 बजे, बच्ची के माता-पिता ने बनखेड़ी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2), 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। इसके अलावा, पॉक्सो एक्ट भी लगाया गया है। बनखेड़ी थाना प्रभारी विजय सनस ने बताया कि सूचना के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण उपरांत न्यायालय में प्रस्तुत किया। जिस पर न्यायालय द्वारा आरोपी को जेल भेज दिया गया । मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
