
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में परीक्षाओं और परिणामों में देरी को लेकर सोमवार को एनएसयूआई जिला इकाई ने जिला अध्यक्ष सचिन रजक के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा नियंत्रक के कार्यालय पहुंचकर नारेबाजी की और मेज पर सब्जी-भाजी रखकर प्रतीकात्मक विरोध जताया। साथ ही चूड़ी-साड़ी भेंट कर परीक्षा नियंत्रक के इस्तीफे की मांग की। संगठन का आरोप है कि दिसंबर 2025 से जुड़ी कई सेमेस्टर परीक्षाएं अगस्त-सितंबर 2026 तक खिंच रही हैं, जबकि कई पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं की समय-सारिणी भी स्पष्ट नहीं है। परीक्षा और परिणामों में देरी से विद्यार्थियों का अकादमिक सत्र प्रभावित हो रहा है।
एनएसयूआई ने बीकॉम प्रथम वर्ष में पाठ्यक्रम से बाहर प्रश्न पूछे जाने, परिणाम में लंबी देरी, एलएलएम द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा संबंधी समस्याओं और पीएचडी कोर्सवर्क की प्रक्रिया में देरी का मुद्दा भी उठाया। कार्यकर्ताओं ने परीक्षा कैलेंडर समयबद्ध करने, लंबित परीक्षाएं और परिणाम जल्द जारी करने तथा प्रश्नपत्र तैयार करने की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। प्रदर्शन में प्रदेश महासचिव नीलेश माहर, राहुल रजक, अर्पित सोनकर, पुष्पेन्द्र गौतम, अंश गुजराल, आयुष पहारिया, यश सविता, रितिक जैन, दिवयराज ठाकुर, नयन जयसवाल, यश सोनी, श्रीयांश, वरुण तिवारी, पियूष राव सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
