उत्तम सत्य धर्म की आराधना, मृगावती ने दिया वैर त्याग का संदेश

जबलपुर। दशलक्षण महापर्व के पांचवें दिन रविवार को श्री 1008 महावीर स्वामी दिगम्बर जिनमंदिर, धर्मायतन, गोल बाजार में श्रद्धालुओं ने उत्तम सत्य धर्म की आराधना करते हुए भगवान जिनेंद्र देव का जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। मुंबई से पधारे विद्वान पंडित विपिन शास्त्री के सानिध्य में प्रतिदिन प्रातःकालीन कार्यक्रमों के साथ सुबह 9 से 10 बजे तक शास्त्र स्वाध्याय कराया जा रहा है।

वहीं रात्रि 10 बजे ‘मृगावती—बैर का विसर्जन’ नाट्य प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को वैर, प्रतिशोध और मोह छोड़कर क्षमा, संयम और आत्मचिंतन का संदेश दिया। भावपूर्ण अभिनय और संवादों के माध्यम से बताया गया कि वास्तविक विजय किसी को हराने में नहीं, बल्कि मन के भीतर पल रहे वैर और विकारों का विसर्जन करने में है। महापर्व के आगामी आयोजनों में शुक्रवार 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर 12वें तीर्थंकर श्री वासुपूज्य भगवान का मोक्ष कल्याणक मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी जिनबिंबों का सामूहिक वार्षिक जलाभिषेक होगा। रविवार 27 सितंबर को पाटन रोड स्थित ‘ज्ञानायतन’ जिनमंदिर में क्षमावाणी पर्व का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें जबलपुर का मुमुक्षु परिवार परस्पर क्षमा मांगने और प्रदान करने के साथ मैत्री, सद्भाव एवं आत्मशुद्धि का संदेश देगा। सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन श्री वीतराग विज्ञान मंडल एवं जैन युवा फेडरेशन के तत्वावधान में हो रहे हैं।

Next Post

पीपल चौक पर विराजे गणेशजी को लगा छप्पन भोग

Mon Sep 21 , 2026
भोपाल। पीपल चौक पर विराजे भगवान गणेश की प्रतिमा का आज विशेष पूजन-अर्चन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को छप्पन भोग लगाया और विधि-विधान से पूजा कर आम लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like