उड़ान योजना के तहत बंगाल में बनेंगे चार नये हवाई अड्डे : अधिकारी

पुरुलिया, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को घोषणा की कि केंद्र की क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत चार नये हवाई अड्डों के विकास के लिए राज्य सरकार 28 सितंबर को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर करेगी।

ये प्रस्तावित हवाई अड्डे पुरुलिया के छर्रा, दक्षिण दिनाजपुर के बालुरघाट, अलीपुरद्वार के हसिमारा और पश्चिम मेदिनीपुर के कलाईकुंडा में बनाये जायेंगे। राज्य सरकार इन परियोजनाओं के लिए आवश्यक भूमि एएआई को सौंपेगी। पुरुलिया शहर के पास छर्रा हवाई अड्डे के विकास के लिए 2,000 करोड़ रुपये का निवेश निर्धारित किया गया है।

श्री अधिकारी ने बताया कि परिवहन सचिव और एएआई के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही स्थल का दौरा कर चुके हैं और प्रस्तावित घरेलू हवाई अड्डे को लेकर बैठकें कर चुके हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह नया विमानन बुनियादी ढांचा जिले में पर्यटन, व्यापार और औद्योगिक विकास को काफी बढ़ावा देगा।”

पुरुलिया में भाजपा सरकार की पहली प्रशासनिक बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले के लिए कई विकास और पर्यटन पहलों की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि सुरुली मिनी चिड़ियाघर का विस्तार कर तेंदुए के विशेष बाड़ों वाला एक बड़ा चिड़ियाघर बनाया जायेगा। सरकार की योजना पुरुलिया के जंगलमहल क्षेत्र में एक संरक्षण क्षेत्र स्थापित करने की भी है।

श्री अधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार पहले ही इसकी मंजूरी दे चुकी है और जल्द ही औपचारिक घोषणा की जायेगी।

सरकार पुरुलिया में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की भी योजना बना रही है। श्री अधिकारी ने कहा कि जिले को राज्य के पर्यटन नेटवर्क में तेजी से एकीकृत किया जा रहा है और ‘रूपसी बांग्ला’ सर्किट को पहले ही वंदे भारत एक्सप्रेस से जोड़ा जा चुका है।

औद्योगिक विकास पर श्री अधिकारी ने अगले पांच वर्षों में पुरुलिया में एक लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने की योजना की घोषणा की। इस्पात, सीमेंट, रक्षा और सौर ऊर्जा को प्रमुख क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया गया है। मुख्यमंत्री ने पुरुलिया को सौर ऊर्जा उत्पादन के लिए अपार संभावनाओं वाला क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा, “हमें कई सौर परियोजनाओं के प्रस्ताव मिले हैं और भूमि की उपलब्धता इसमें कोई बाधा नहीं बनेगी।”

मुख्यमंत्री ने हाल ही में रघुनाथपुर में अमित मेटालिक्स द्वारा 4,000 करोड़ रुपये के ग्रीनफील्ड स्टील प्लांट के शिलान्यास का भी जिक्र किया।

श्री अधिकारी ने कहा कि सरकार पुरुलिया की पहाड़ियों और जंगलों की रक्षा करेगी। उन्होंने पिछली सरकार की नीति के विपरीत क्षेत्र में व्यावसायिक खनन/उत्खनन पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की।

उन्होंने जिले में कल्याणकारी पहलों का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, आवास योजना के तहत दो लाख नये घरों को मंजूरी दी गयी है, जिनमें से 16,000 लाभार्थियों को दूसरी किस्त मिल चुकी है। इसके अलावा, पुरुलिया की 6.56 लाख से अधिक महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से अन्नपूर्णा योजना के तहत वित्तीय सहायता प्राप्त हुई है।

 

 

Next Post

नारी शक्ति और युवा प्रतिभा को अवसर देना विकसित भारत की नींव: योगी आदित्यनाथ

Mon Sep 21 , 2026
नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में रविवार को आयोजित प्रेरणा विमर्श कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नारी शक्ति और युवा शक्ति का स्वावलंबन ही प्रदेश और देश के स्वावलंबन का आधार बनेगा। श्री योगी ने युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, […]

You May Like