
जबलपुर। हाईकोर्ट जस्टिस डी डी बसंल तथा जस्टिस राजेन्द्र कुमार वाणी की अवकाशकालीन युगलपीठ के समक्ष सरकार की तरफ से पेश की गयी स्टेटस रिपोर्ट में बताया गया कि दूषित पानी के कारण इंदौर में चार व्यक्तियों की मौत हुई है। अभी तक कुल 294 व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। जिसमें से 32 व्यक्तियों आईसीयू में भर्ती है और 93 व्यक्तियों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। वर्तमान में 201 व्यक्ति उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती है। अवकाशकालीन विशेष बेंच ने स्टेटस रिपोर्ट को रिकॉर्ड में लेते हुए अगली सुनवाई 6 जनवरी को निर्धारित की है।
इंदौर निवासी रितेश ईनानी तथा महेश गर्ग भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी के कारण नागरिकों की मौत तथा उनके बीमार होने के खिलाफ जनहित याचिका दायर की गयी थी। इसके अलावा अन्य व्यक्तियों ने भी इंटर विनर बनने आवेदन पेश किया था। हाईकोर्ट इंदौर बेंच ने याचिकाओं की सुनवाई करते हुए सरकार को शुद्ध पेयजल आपूर्ति, मृतक व प्रभावित व्यक्तियों की संख्या तथा उनके उपचार तथा दोषियों के खिलाफ कार्यवाही सहित अन्य बिंदुओं के समक्ष में स्टेटस रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किये थे।
शुक्रवार को हाईकोर्ट की मुख्यपीठ में जस्टिस डी डी बसंल तथा जस्टिस राजेन्द्र कुमार वाणी की विशेष अवकाशकालीन पीठ ने याचिकाओं की सुनवाई की। सरकार की तरफ से पेश की गयी स्टेटस रिपोर्ट में उक्त जानकारी पेश की गयी। इसके अलावा यह भी बताया गया है कि भागीरथपुरा पुलिस स्टेशन के समीप स्थित संभावित संदूषण बिन्दु की पहचान कर ली गयी है। जिस संरचना के कारण पानी संदूषित हो रहा था उसे हटा दिया गया है। जोनल अधिकारी तथा सहायक अभियंता को निलंबित कर दिया गया है और उप अभियंता को सेवामुक्त कर दिया गया है।
प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से स्वच्छ जल की आपूर्ति की जा रही है। पानी उबालकर व छानकर पीने के संबंध में लगातार घोषणा करवाई जा रही है। पानी की गुणवत्ता जानने के लिए 29 दिसंबर को 20 तथा 30 दिसम्बर को 30 नमूने लिये गये है। सभी मैनहोल तथा सीवर लाइन की पूरी तरह सफाई की जा रही है। सीएमएचओ तथा नगर निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम मिलकर कार्य कर रही है। उपचार के लिए भर्ती व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है। जिसके लिए डॉक्टरों की टीम नियुक्त की गयी है। अवकाशकालीन विशेष बेंच ने पेश की गयी स्टेटस रिपोर्ट को रिकॉर्ड के लेने के निर्देश जारी करते हुए याचिका पर अगली सुनवाई 6 जनवरी को निर्धारित की है। याचिकाकर्ताओं की तरफ से अधिवक्ता कुलदीप पाठक तथा अधिवक्ता मनीष यादव उपस्थित हुए।
