जमीन के विवाद ने ली जान: सेवानिवृत्त जवान की लाठियों से पीटकर हत्या, गांव में तनाव

बैतूल। पुरानी रंजिश के चलते एक पूर्व केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार घटना आज सुबह बरसाली गांव में हुई। मृतक की पहचान हमलापुर निवासी बाबूराव सातनकर के रूप में की गई है, जो वर्ष 2014 में सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हुए थे।

जानकारी के मुताबिक बाबूराव सुबह अपने खेत पर पहुंचे थे, तभी उनका गांव के ही ओमप्रकाश यादव और उसके साथियों से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने लकड़ियों से हमला कर उनकी जमकर पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी ओमप्रकाश यादव को हिरासत में ले लिया गया है। इसके अलावा तीन अन्य नामजद आरोपियों और एक अज्ञात की तलाश की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच 10 से 12 वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो न्यायालय तक पहुंचा था। पुलिस का मानना है कि इसी पुराने विवाद के चलते घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Next Post

पेड़ काटने चढ़ा युवक गिरा, मौत

Fri Apr 17 , 2026
अनूपपुर। कोतमा वन परिक्षेत्र अंतर्गत सकोला बीट के जंगल में शुक्रवार की दोपहर सरई के पेड़ में चढ़कर लकड़ी काट रहे युवक गुड्डू बसोर 25वर्ष निवासी पतेराटोला की गिरने से दर्दनाक मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक 30 फीट ऊंचाई पर पेड़ में चढ़कर लकड़ी काट रहा था। […]

You May Like