मकान मालिक के बेटे से चली गोली किराएदार के बेटे को लगी, मौत

मुरैना। जिले के पोरसा कस्बे में एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. 10 साल के बच्चे की गोली लगने से मौत हो गई. ये घटना तब हुई, जब एक दूसरा लड़का राइफल से खेल रहा था. संजय गांधी स्कूल के पास लोकेंद्र तोमर का मकान है. यहां 10 साल का ऋषभ तोमर माता-पिता के साथ किराए पर रहता था. मकान मालिक लोकेंद्र का 14 वर्षीय बेटा लाइसेंसी राइफल खेल रहा था, तभी गोली चली और हादसा हो गया.

घटना तब हुई जब बच्चे घर के दूसरी मंजिल पर एक कमरे में खेल रहे थे. जानकारी के मुताबिक, ऋषभ तोमर अपने पिता धर्मराज सिंह तोमर, माता और छोटे भाई के साथ लोकेंद्र तोमर के मकान में किराए पर रहता था. लोकेंद्र की लाइसेंसी राइफल घर में लोडेड अवस्था में रखी थी, जो सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक साबित हुई. मकान मालिक के बड़े बेटे ने राइफल उठाकर खेल-खेल में ट्रिगर दबा दिया, जिससे गोली सीधे ऋषभ के सिर में जा लगी.

*मकान मालिक के खिलाफ होगी कार्रवाई*

गोली लगते ही ऋषभ खून से लथपथ हो गया और इलाज से पहले ही दम तोड़ दिया. चीख-पुकार मचने पर पड़ोसी दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही पोरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई. प्रारंभिक जांच में यह हादसा साबित हो रहा है, लेकिन लाइसेंसी हथियार की लापरवाही से रखने के मामले में मकान मालिक लोकेंद्र तोमर के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. 14 वर्षीय किशोर को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है.

*निजी गार्ड है मकान मालिक*

जानकारी के अनुसार, लोकेंद्र निजी गार्ड हैं, इसलिए 315 बोर की लाइसेंसी राइफल रखते हैं. एक दिन पहले शुक्रवार को ही वे छुट्टी लेकर पोरसा आए थे. सुबह राइफल घर पर रख कर गांव धरमपुरा चले गए थे. इसके बाद यह घटना हो गई. बताया जा रहा कि ऋषभ तोमर मकान मालिक के बेटे के साथ घर की दूसरी मंजिल पर खेल रहा था. इसी दौरान मकान मालिक के बेटे ने कमरे में टंगी पिता की लाइसेंसी राइफल उतार ली. वह राइफल से खेलने लगा और अचानक गोली चल गई.

Next Post

कलेक्टर के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी, फ्रेंड रिक्वेस्ट से रहें सतर्क

Sun Dec 28 , 2025
रायसेन। मध्यप्रदेश में रायसेन कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के नाम से अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी फेसबुक आईडी बनाए जाने का मामला सामने आया है। इस फर्जी आईडी से कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने पब्लिक रिलेशन ऑफिसर […]

You May Like

मनोरंजन