नाइजीरिया में अलग-अलग हमलों में नौ की मौत

अबूजा, (वार्ता) नाइजीरिया के मध्य पठारी राज्य के कई स्थानीय समुदायों में अज्ञात हमलावरों के अलग-अलग हमलों में कम से कम नौ लोग मारे गये।

स्थानीय मीडिया की रविवार की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार रात और रविवार सुबह के बीच बंदूकधारियों के हमलों के बाद बार्किन लादी, रियॉम और पड़ोसी समुदायों में तनाव बढ़ गया है।

बार्किन लादी क्षेत्र में एक सामुदायिक विकास संघ ‘म्वाघावुल डेवलपमेंट एसोसिएशन’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बुलुस डाबिट ने बताया कि शनिवार रात बार्किन लादी में एक चलती बस पर हमला किया गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि रविवार तड़के चर्च जा रहे चार अन्य लोग भी मारे गये।

पीड़ितों के शवों को निकालने में मदद करने वाले क्षेत्र के एक युवा नेता उकाशा गाराबा ने मृतकों की पहचान राज्य के दूसरे शहर में काम पर जा रहे मजदूरों के रूप में की।

इन हत्याओं ने प्रभावित इलाकों में तनाव और बढ़ा दिया है। कुछ निवासी अपने इलाकों से पलायन कर रहे हैं, जबकि अन्य आगे के हमलों का मुकाबला करने के लिए वहीं डटे हुए हैं।

नाइजीरिया के ‘मियेती अल्लाह कैटल ब्रीडर्स एसोसिएशन’ की बार्किन लादी शाखा के सचिव गाम्बो अबूबकर ने स्थानीय मीडिया को बताया कि स्थानीय निवासियों ने कुछ मवेशी चुरा लिए थे। उन्होंने संकेत दिया कि ये हमले लापता मवेशियों से जुड़े हो सकते हैं।

फिलहाल किसी भी समूह ने इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।

पठारी राज्य (प्लेटो स्टेट) नाइजीरिया के ‘मिडिल बेल्ट’ में स्थित है, जो देश के मुख्य रूप से मुस्लिम बहुल उत्तर और मुख्य रूप से ईसाई बहुल दक्षिण को जोड़ता है। इस राज्य ने हाल के वर्षों में बार-बार हिंसा देखी है, जिसमें अक्सर विभिन्न समुदायों के बीच भूमि और संसाधनों को लेकर विवाद शामिल होते हैं।

 

 

Next Post

उड़ान योजना के तहत बंगाल में बनेंगे चार नये हवाई अड्डे : अधिकारी

Mon Sep 21 , 2026
पुरुलिया, (वार्ता) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को घोषणा की कि केंद्र की क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ के तहत चार नये हवाई अड्डों के विकास के लिए राज्य सरकार 28 सितंबर को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के साथ समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर करेगी। ये प्रस्तावित हवाई […]

You May Like