पटना, 20 सितंबर (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के स्थापना दिवस पर बल के सभी कर्मियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और रेल यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे संपत्ति की रक्षा में उनके योगदान की सराहना की है।
श्री चौधरी ने आज ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा कि रेलवे सुरक्षा बल के बहादुर जवान रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए सदैव सतर्क रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की रेल व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राष्ट्र सेवा में रेलवे सुरक्षा बल के कर्मियों के योगदान को सम्मानपूर्वक नमन करते हैं।
उल्लेखनीय है कि रेलवे सुरक्षा बल की स्थापना रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए संसद के अधिनियम के तहत वर्ष 1957 में हुई थी। वर्ष 1966 में बल को रेलवे संपत्ति के अवैध कब्जे से जुड़े अपराधियों के खिलाफ पूछताछ, गिरफ्तारी और अभियोजन की शक्तियां दी गयीं। संसद की ओर से रेलवे सुरक्षा बल अधिनियम में संशोधन के बाद 20 सितंबर 1985 को रेलवे सुरक्षा बल को संघ के सशस्त्र बल का दर्जा प्रदान किया गया। इसी कारण प्रत्येक वर्ष 20 सितंबर को रेलवे सुरक्षा बल स्थापना दिवस मनाया जाता है। रेलवे सुरक्षा बल अधिनियम, 1957 में बल के दायित्व में रेलवे संपत्ति के साथ यात्री क्षेत्र और यात्रियों की सुरक्षा भी शामिल है।
