
सिंगरौली । कंचन ज्वेलर्स लूटकांड में फरार तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सियाज केएम ने प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जयंत के बजरंग कॉम्पलेक्स स्थित कंचन ज्वेलर्स में 17 सितंबर की शाम करीब 5:50 बजे पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने पिस्टल और कट्टा दिखाकर स्टाफ के मोबाइल छीने तथा विरोध करने पर फरियादी अखिलेश कुमार वर्मा के सिर पर कट्टे के बट से हमला किया। इसके बाद करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण, 200 ग्राम चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपये नकद लूटकर भाग गए। स्टाफ राहुल विश्वकर्मा द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिससे उसकी हथेली में गोली लगी। वारदात के दौरान बदमाशों ने तीन-चार राउंड फायर किए और दो मोटरसाइकिलों से सेक्टर-ए की ओर फरार हो गए। मामले में थाना विंध्यनगर में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं सहित आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि रामसाद मुसलमान पिता शमीम अंसारी एवं सोनू उर्फ साबिर पिता उस्मान अंसारी दोनों निवासी पतिहारी थाना विष्णुपुरा जिला गढ़वा झारखंड और राहुल दोम पिता पंचमराम दोम निवासी स्वीपर बस्ती अनपरा-उत्तर प्रदेश फरार हैं। एसपी सियाज केएम ने पुलिस रेग्युलेशन के प्रावधानों के तहत तीनों की पतासाजी एवं गिरफ्तारी के लिए प्रत्येक आरोपी पर 10 हजार रुपये यानी कुल 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाली सूचना देने वाले व्यक्ति को निर्धारित पुरस्कार दिया जाएगा। इनाम के संबंध में एसपी का निर्णय अंतिम होगा।
डकैतो ने सप्ताह में तीन बार किया था रैकी
जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स में स्थित कंचन ज्वेलर्स के दुकान में घटना के पूर्व एक सप्ताह के दौरान डकैतो ने तीन बार रैकी किया था। सूत्रों के मुताबिक मोटरसाइकिल से इनका आना-जाना लगा रहता था। आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज को खंगालने के बाद पुलिस को यह बात पता चल पाई। हालांकि अभी तीन आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं और तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी ने चार पुलिस टीमे झारखंड बिहार प्रांत के लिए रवाना किया है। चर्चा है कि एक आरोपी बिहार पुलिस के चंगुल में फंस चुका है, लेकिन इसकी पुष्टि नही हो पाई है। इस डकैती घटना को लेकर एसपी काफी संजीदा हैं, तभी चंद घंटो में तीन डकैत गिरफ्तार किये जा चुके हैं।
इनका कहना:-
फरार तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमे आरोपियों की धर-पकड़ में लगी हुई है और जल्द ही इसका अच्छा परिणाम सामने आएगा।
सियाज केएम
पुलिस अधीक्षक, सिंगरौली
