21 अक्टूबर से ग्वालियर मेले में लगेगा स्वदेशी मेला

ग्वालियर। देशभर में भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच स्वदेशी उत्पादों के मेले आयोजित करता है। इसी कड़ी में ग्वालियर में भी पहली बार स्वदेशी मेला 21 अक्टूबर से 7 नवम्बर तक ग्वालियर मेला परिसर में आयोजित किया जायेगा। ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक जादौन ने आज स्वदेशी जागरण मंच एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स पदाधिकारियों के साथ मेले में ही बैठक की और दीपावली महोत्सव के रूप में स्वदेशी मेले को आयोजित करने की रूपरेखा बनाई। बैठक में मेला सचिव सुनील त्रिपाठी, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष आर.पी. माहेश्वरी, प्रांतीय सहसंयोजक राकेश शर्मा, कैट म.प्र. के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन विशेष रूप से उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि म.प्र. सहित देशभर में लगभग 100 मेलों का आयोजन स्वदेशी जागरण मंच के तत्वावधान में किया गया है। ग्वालियर का स्वदेशी मेला कैट के सहयोग से स्वदेशी जागरण मंच आयोजित करेगा। इसमें लगभग 400 दुकानें लगाई जायेंगी, जो कि र्सिफ स्वदेशी उत्पादों से संबंधित होंगी। इसमें घरेलू उत्पाद, सजावट, रोजमर्रा के जीवन में उपयोग होने वाले ऐसे उत्पाद जिन्हें हम स्वदेशी उत्पादों से पूरा कर सकते हैं, विक्रय हेतु प्रदर्शित किये जायेंगे। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम के रूप में आदिवासी नृत्य, ग्वालियर चंबल की लंगुरिया और छात्र-छात्राओं को लेकर स्वदेशी को प्रोत्साहित करने के लिए अनेक नाटक एवं नृत्य प्रतियोगिताएं होंगी। स्वदेशी जागरण मंच के विभाग संयोजक डॉ सर्वेश दीक्षित,जिला संयोजक सुधीर भदौरिया,लोकेंद्र राजपूत,धर्मेंद्र शर्मा,विकास पाराशर,सपना दुबौलिया,रेखा गंभीर एवं कैट ग्वालियर के जिलाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, महामंत्री रामकुमार गोयल, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, महिला टीम की अध्यक्ष निरूपमा मालपानी, सी.ए. निधि अग्रवाल बैठक में उपस्थित थे। शीघ्र ही मेले की आयोजन समिति का गठन किया जायेगा और दीपावली महोत्सव के अतिरिक्त ग्वालियर व्यापार मेला जो कि दिसम्बर, जनवरी एवं फरवरी में आयोजित होता है, में भी स्वदेशी ग्राम बसाने की परिकल्पना बैठक में की गई।

Next Post

अहीसा ने विहान‑I सेमीकंडक्टर चिप का किया अनावरण, अगले साल तक बाजार में प्रस्तुत करने का लक्ष्य

Sat Sep 19 , 2026
नई दिल्ली, 19 सितम्बर (वार्ता ) घरेलू फैब्लेस सेमीकंडक्टर कंपनी अहीसा डिजिटल इनोवेशन्स ने देश में विकसित एवं डिज़ाइन किए ब्रॉडबैंड नेटवर्किंग चिप विहान ‑I का अनावरण किया है और अगले साल तक इसे व्यावसायिक रूप से प्रस्तुत करने की उसकी योजना है। अहीसा डिजिटल इनोवेशन्स के डायरेक्टर एवं चीफ […]

You May Like