अभियान के सभी कार्यक्रमों का समन्वय के साथ आयोजन करें: प्रभारी मंत्री  

रीवा,  प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम ने सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा की. प्रभारी मंत्री ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी ने 25 वर्षों तक गरीबों और आमजनों की सेवा की है. इसका संदेश सेवा संकल्प अभियान जन-जन तक पहुंचाएगा. प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि अच्छे समन्वय के साथ अभियान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं. अभियान के प्रथम दिन सफल रक्तदान शिविर के बाद जिले भर में 13 लाख से अधिक आशीर्वाद के दीप जलाकर प्रधानमंत्री जी को शुभकामनाएं दी गईं. सेवा संकल्प अभियान में शामिल सभी गतिविधियों का तिथि के अनुसार आयोजन करें. वाराणसी से बडऩगर जाने वाली सेवा संकल्प यात्रा रीवा जिले में पहुंच गई है. यात्रा के ठहरने के स्थान पर वृक्षारोपण अनिवार्य रूप से कराएं. रोपित पौधों की उचित देखभाल और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था करें.

प्रभारी मंत्री ने कहा कि आंगन मिलन कार्यक्रम में आंगनवाड़ी के बच्चों तथा महिलाओं के स्वास्थ्य की जाँच की जाएगी. कार्यकर्ता तथा समाजसेवी आंगनवाड़ी के बच्चों को हर सप्ताह फल या अन्य कोई पोषक आहार देकर उनकी सेवा में योगदान कर सकते हैं. अभियान के तहत 7 अक्टूबर को सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों से सेवा कलश यात्रा शुरू होगी. विधायकगण यात्रा के आरंभ का स्थल और रूट तय कर दें. इसका समापन जिला स्तर में होगा, जहाँ मंचीय कार्यक्रम होंगे. सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत विधायकगण निर्धारित 25 में से 10 गतिविधियों का चयन कर लें. उन्हीं गतिविधियों में सेवा संबंधी कार्यक्रम आयोजित कराएं. सेवा संकल्प अभियान में 10 अक्टूबर को सभी नगरीय निकायों तथा जनपद पंचायतों में सेवा सेतु कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को सम्मानित किया जाएगा. अभियान की हर गतिविधि के अच्छे फोटोग्राफ्स और वीडियो और हितग्राहियों के अनुभवों के वीडियो पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड कराएं. सभी पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी अभियान से जुड़े वीडियो अनिवार्य रूप से पोर्टल में दर्ज करें.

बैठक में प्रभारी मंत्री ने कहा कि रीवा शहर की बाढ़ की समस्या को दूर करना बड़ी चुनौती है. इस समस्या को हल करने के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ कार्य योजना बनाएं. नदी और शहर के बड़े नालों के प्रवाह को अवरूद्ध करने वाले अवैध निर्माणों को कठोरता से हटाएं. एनजीटी के प्रावधानों का पालन करते हुए नदियों और नालों के तटों के सभी अतिक्रमण हटाएं. नालों की साफ-सफाई और पक्का बनाने का कार्य भी प्राथमिकता से कराएं. इस संबंध में की गई कार्यवाही की अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी. बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्रीमती सृष्टि देशमुख गौड़ा ने सेवा संकल्प अभियान की कार्य योजना तथा अब तक किए गए कार्यों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम दिन स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 501 यूनिट रक्त संचय किया गया. यह पूरे प्रदेश में चौथा सबसे बड़ा रक्त संचय था. जिले में 17 सितम्बर को 13 लाख 50 हजार आशीर्वाद के दीप जलाए गए. आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा स्वास्थ्य संस्थाओं एवं ग्राम पंचायतों में दस लाख दीप जलाए गए. रीवा में पचमठा में 55 हजार आशीर्वाद के दीप जले. अभियान में शामिल सभी गतिविधियों का तिथिवार आयोजन किया जा रहा है.

बैठक में आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन ने बताया कि बाढ़ की समस्या को दूर करने तथा नालों के वाटर फ्लो की निगरानी के लिए आईआईटी चेन्नई के विशेषज्ञों से सलाह लेकर कार्य योजना बनाई जा रही है. बैठक में विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी राज तथा विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति ने सेवा संकल्प अभियान के संबंध में उपयोगी सुझाव दिए. बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, उपाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, अन्य पदाधिकारी, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक डॉ. गुरकरन सिंह, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के बाद प्रभारी मंत्री जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से सेवा संकल्प अभियान के संबंध में चर्चा की.

Next Post

मध्यप्रदेश में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं: उप मुख्यमंत्री

Sat Sep 19 , 2026
रीवा,  उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने माँ तुझे सलाम योजना के तहत रीवा जिले के भ्रमण पर आए भोपाल संभाग के युवाओं के दल को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया. यह दल रीवा जिले में महामृत्युंजय मंदिर, संग्रहालय, व्हाइट टाइगर सफारी, पुरवा प्रपात तथा बसामन मामा गौ अभ्यारण्य का भ्रमण […]

You May Like