नयी दिल्ली, 20वें रोजगार मेले में 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र मिलेंगे। इसके साथ रोजगार मेलों के जरिए नियुक्त युवाओं की संख्या 12.75 लाख तक पहुंच जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 सितंबर 2026 को 20वें रोजगार मेले में देशभर के विभिन्न सरकारी संगठनों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़ेंगे और नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी करेंगे। यह रोजगार मेला देशभर के 45 स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा।
कई मंत्रालयों और विभागों में होगी नियुक्ति
20वें रोजगार मेले के तहत चयनित उम्मीदवार केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में अपनी सेवाएं शुरू करेंगे। इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत अन्य विभाग शामिल हैं। अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय स्तर पर भी नवनियुक्त उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
12.75 लाख युवाओं तक पहुंचेगा आंकड़ा
सरकार के मुताबिक, 20वें रोजगार मेले के साथ विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में रोजगार मेलों के माध्यम से नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख हो जाएगी। जुलाई 2026 में सरकार ने संसद में बताया था कि मिशन मोड भर्ती पहल के तहत 19 रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके थे और इनमें 12 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए जा चुके थे।
2022 में शुरू हुआ था रोजगार मेला
केंद्र सरकार ने 22 अक्टूबर 2022 को राष्ट्रीय रोजगार मेले की शुरुआत मिशन मोड भर्ती पहल के तहत की थी। इसका उद्देश्य विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों और सरकारी संगठनों में भर्ती प्रक्रिया को तेज करना और चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इसके तहत केंद्रीय मंत्रालयों के साथ केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वायत्त संस्थानों, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में भी भर्ती की जा रही है।
19वें रोजगार मेले में भी मिले थे 51 हजार से ज्यादा नियुक्ति पत्र
इससे पहले 23 मई 2026 को 19वें रोजगार मेले का आयोजन किया गया था। उस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया और 51 हजार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इन नियुक्तियों में रेलवे, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, वित्तीय सेवा विभाग और उच्च शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों के पद शामिल थे।
युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने पर जोर
सरकार रोजगार मेले को युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने और उन्हें देश की विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाने की पहल के तौर पर प्रस्तुत करती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले रोजगार मेले में कहा था कि भारत की युवा आबादी और तकनीकी क्षमता को लेकर दुनिया में रुचि बढ़ रही है। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, अवसर और वैश्विक अनुभव को विकास यात्रा से जोड़ने की बात कही थी।
नई नियुक्तियों के साथ बढ़ेगा सार्वजनिक सेवा
20वें रोजगार मेले में नियुक्ति पाने वाले युवा अब केंद्र सरकार के अलग-अलग विभागों और संगठनों में अपनी जिम्मेदारियां संभालेंगे। अलग-अलग क्षेत्रों में होने वाली ये नियुक्तियां प्रशासन, रेलवे, स्वास्थ्य, वित्तीय सेवाओं, रक्षा और गृह मामलों जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सरकारी कार्यबल को मजबूत करने से जुड़ी हैं। 19 सितंबर को होने वाला यह आयोजन रोजगार मेले की श्रृंखला में 20वां चरण होगा।
