बैतूल। बैतूल-नागपुर-भोपाल हाईवे के बरेठा घाट में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बैतूल से शाहपुर की ओर जा रही एक कार ट्रक की टक्कर के बाद दो वाहनों के बीच बुरी तरह फंस गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल था। मौके पर मौजूद लोगों ने कार के कांच तोड़कर चारों घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे का यातायात सामान्य कराया। हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार दो ट्रकों के बीच फंसी नजर आ रही है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
