
रतलाम/ढोढर। महू-नीमच फोरलेन पर सर्किट हाउस के सामने पुलिस ने ईको कार रोककर तलाशी ली तो उसमें 100 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली। पुलिस ने मौके से कार सवार पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 10 लाख रुपए और ईको कार की कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है। कुल 15 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया गया है। कार्रवाई 3 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर रिंगनोद थाना पुलिस की ढोढर चौकी टीम ने की।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ईको कार क्रमांक एमपी 09एक्स7430 से कुछ लोग अवैध एमडी ड्रग्स लेकर जा रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने ढोढर में सर्किट हाउस के सामने फोरलेन पर घेराबंदी की। संदिग्ध कार को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। कार से 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद होने के बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में फारूख पिता शबदर खां मेवाती (33), निवासी बामन्दा, खरगोन; अरबाज पिता कलीम खान पठान (26), निवासी राऊ, इंदौर; साहिल पिता फारूख शेख (25), निवासी चोइथराम मंडी, इंदौर; इमरान पिता शकील मंसुरी (24) और शाहरूख पिता शौकत रशीद मंसुरी (32), दोनों निवासी अंजड़, बड़वानी शामिल हैं।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल और जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी रघुवीर जोशी व टीम ने की।
ड्रग्स आई कहां से, किसे पहुंचानी थी?
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लायर और संभावित खरीदारों के बारे में पूछताछ कर रही है। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
