
रीवा, चाकघाट के नेहरू स्मृति कालेज में पूर्व मंत्री स्वर्गीय रमाकांत तिवारी की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि स्वर्गीय रमाकांत तिवारी गरीबों की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करते थे. मंत्री के रूप में और विपक्ष में रहकर विधायक के रूप में उन्होंने सदैव त्योंथर क्षेत्र के विकास और गरीबों के कल्याण को अपने जीवन का ध्येय बनाए रखा. उनका जीवन राजनैतिक शुचिता और गरीबों की सेवा का प्रतीक है. उन्होंने गरीबों के लिए जो कार्य किए उसकी स्मृति आज भी पूरे त्योंथर क्षेत्र में है. उन्हें पार्टी और सरकार में जो भी भूमिका दी गई उसका उन्होंने सफलतापूर्वक निर्वाह किया. वर्तमान पीढ़ी के राजनैतिक व्यक्तियों के लिए श्री तिवारी का जीवन और कार्य प्रेरणा के स्रोत हैं. उनके संघर्ष को कई पीढिय़ाँ याद रखेंगी. भगवान ने जैसा शानदार जीवन तिवारी जी को दिया था वैसा ही जीवन हम सबको मिल जाए तो हमारा जीवन सार्थक हो जाएगा.
समारोह की अध्यक्षता करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि स्वर्गीय रमाकांत तिवारी फूलों की तरह कोमल और आवश्यकता होने पर वज्र की तरह कठोर हो जाते थे. उनके दरवाजे हर समय गरीबों के लिए खुले रहते थे. जो व्यक्ति उनके पास पहुंच गया उसका श्री तिवारी नि:स्वार्थ भाव से मदद करते थे. उन्होंने जो राजनैतिक आदर्श प्रस्तुत किया उसकी वर्तमान में बहुत आवश्यकता है. तिवारी जी का पूरे त्योंथर क्षेत्र में डंका बजता था. त्योंथर का बड़ा पुल, उद्वहन सिंचाई परियोजना, जवा-सितलहा पुल जैसे सभी नए निर्माण कार्यों का श्रेय श्री तिवारी को ही है. उन्होंने अपने पराक्रम, निडरता और गरीबों की मदद के भाव से इस क्षेत्र के हर व्यक्ति के मन में जगह बना ली है.
कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि स्वर्गीय रमाकांत तिवारी के संबंध में कहा जाता था कि जिसका कोई नहीं है, तिवारी जी उसके साथ हैं. यह बात सौ प्रतिशत सही है. त्योंथर में बाढ़ की विभीषिका रही हो, डकैत समस्या या सूखे का प्रकोप सभी में स्वर्गीय तिवारी आम जनता के बीच खड़े दिखाई देते थे. त्योंथर में विकास के सभी प्रमुख कार्यों का श्रेय स्वर्गीय तिवारी को ही है. उनके पुत्र कौशलेश तिवारी जी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं.
समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी ने स्वर्गीय श्री तिवारी के व्यक्तित्व और कार्यों पर प्रकाश डाला. समारोह के अंत में स्वर्गीय तिवारी के परिजनों द्वारा विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री, सांसद, विधायकगणों तथा अतिथियों का सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया. समारोह में आभार व्यक्त करते हुए श्री कौशलेश तिवारी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष जी हमारे मार्गदर्शक, संरक्षक हैं. उप मुख्यमंत्री जी ने सदैव विकास कार्यों में त्योंथर की जनता को सहयोग दिया है. उन्होंने चाकघाट में सांदीपनि विद्यालय खोलने और बाईपास निर्माण की मांग रखी. समारोह में विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह, विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, विधायक चित्रकूट सुरेन्द्र सिंह गहरवार, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, सुनील पाण्डेय, कमलेश्वर सिंह, विद्याप्रकाश तिवारी, राम सिंह, अखंड प्रताप सिंह, अनिल जायसवाल स्थानीय जनप्रतिनिधिगण तथा आम जन उपस्थित रहे.
