प्रधानमंत्री जी देश का विकास और गरीबों का कल्याण प्राणपण से कर रहे हैं: विधानसभा अध्यक्ष

रीवा,  मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत रीवा नगर निगम टाउनहाल में आयोजित शिविर का विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर तथा उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुभारंभ किया. शिविर में आम जनता के 503 आवेदन पत्रों का निराकरण किया गया. इस अवसर पर शिविर के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री जी देश के विकास और गरीबों का कल्याण प्राणपण से कर रहे हैं. जिन योजनाओं के संबंध में लोगों को कल्पना भी नहीं थी उनका लाम आम जन तक पहुंचाया जा रहा है. प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में देश दुनिया में सर्वाधिक 7.4 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि प्राप्त कर सका है. प्रधानमंत्री जी देश को विश्वगुरू बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं. प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे जन विश्वास अभियान से आम जन की समस्याएं लगातार कम हो रही हैं. मौके पर ही योजनाओं का लाभ मिलने और समस्याओं के निदान से जनता प्रसन्न है.

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि रीवा का बहुत तेजी से विकास हुआ है. उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल तथा सांसद श्री मिश्र ने रीवा को विकसित बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है. हमारी सरकार के 20 वर्षों के लगातार प्रयासों का परिणाम है कि रीवा तहसील मुख्यालय के स्वरूप से महानगरों की श्रेणी में पहुंच गया है. पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सपने को प्रदेश भर में गरीबों के कल्याण से पूरा किया जा रहा है.

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में जन विश्वास अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में आयोजित शिविरों में आम जनता को एक ही स्थान पर शासन की सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है. साथ ही आम जनता के सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा अन्य आवेदनों का निराकरण भी बड़ी संख्या में किया गया है. सभी अधिकारी हर शुक्रवार को फील्ड विजिट करके कार्यालयों का निरीक्षण कर रहे हैं. प्रधानमंत्री जी के गरीब कल्याण के सपने को जन विश्वास शिविर सफल बनाने में पूरा योगदान दे रहा है. रीवा नगर निगम में हजारों हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास और 1738 गरीबों को पक्के आवास का लाभ दिया गया है. रीवा में तेजी से विकास हो रहा है. हाईवे, रेलवे लाइन, रिंग रोड बाईपास और रीवा एयरपोर्ट विकास की कहानी कह रहे हैं.

कार्यक्रम सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि जन विश्वास शिविर में आम जनता की समस्याओं का निराकरण करने के साथ-साथ जन संवाद और उद्यम संवाद जैसे कार्यक्रम भी हो रहे हैं. अधिकारी और कर्मचारी शिविर को सफल बनाने के लिए सराहनीय प्रयास कर रहे हैं.

शिविर के साथ-साथ आयोजित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का विधानसभा अध्यक्ष, उप मुख्यमंत्री तथा अन्य अतिथियों ने अवलोकन किया. शिविर में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा चार हितग्राहियों को तिपहिया साइकिल का वितरण किया गया. शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, संबल योजना तथा अन्य योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया. शिविर में विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. पंचूलाल प्रजापति, नगर निगम अध्यक्ष व्यंकटेश पाण्डेय, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, राजगोपाल मिश्रचारी, राजेश पाण्डेय, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे. शिविर में सेवा संकल्प अभियान के रीवा जिले के प्रभारी अधिकारी अतिरिक्त मुख्य सचिव केसी गुप्ता, कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह, आयुक्त नगर निगम अक्षत जैन तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

सकरी पंचायत में प्रभारी सचिव की मनमानी के आरोप, निर्माण कार्य कराए बिना मूल्यांकन और भुगतान की शिकायत

Fri Sep 18 , 2026
परसवाड़ा, जन्म प्रमाण पत्र के नाम पर ₹600 ऑनलाइन भुगतान कराने का आरोप, दो चबूतरों के निर्माण में फर्जी बिल-बाउचर से राशि आहरण की शिकायत। जनपद सीईओ ने जाँच दल गठित करने की दी जानकारी। बालाघाट जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत सकरी में पदस्थ प्रभारी सचिव अनिता हनुवते के खिलाफ मनमानी […]

You May Like