
झाबुआ. झाबुआ जिले के राणापुर नगर के युवा क्रिकेटर हिमांशु टेलर का इंडियन सॉफ्ट बॉल क्रिकेट लीग (ISCL) में चयन हुआ है। खास बात यह है कि उन्हें मध्यप्रदेश टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। बेंगलुरु में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित लीग में विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
हिमांशु के चयन और कप्तानी की खबर मिलते ही राणापुर नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। खेलप्रेमियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसी क्रम में भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रकाश परमार, नगर परिषद अध्यक्ष दीपमाला नलवाया, मंडल उपाध्यक्ष कमलेश नाहर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र उपाध्याय, कार्यालय मंत्री अविनाश पंड्या सहित युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हिमांशु के निवास पर पहुंचकर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पुष्पमाला पहनाकर और मुंह मीठा कराकर खुशी जताई।
इस दौरान सभी ने उम्मीद जताई कि हिमांशु के नेतृत्व में मध्यप्रदेश टीम शानदार प्रदर्शन करेगी। हिमांशु टेलर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए लीग में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और टीम को आगे ले जाने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण से खेलने का भरोसा दिलाया।
