
इन्दौर। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) द्वारा सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन रविवार को प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से किया गया। पहले दिन छह विषयों की परीक्षा 34 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। इनमें भोपाल में 18 और इंदौर में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
परीक्षा के लिए करीब 21 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में लगभग 64 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
इसी दिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक सहायक शल्य पशु चिकित्सक (Assistant Surgeon Veterinary) पद की परीक्षा भी आयोजित की गई। इस परीक्षा में 84 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे। इसके लिए इंदौर में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
एमपीपीएससी के अनुसार सहायक प्राध्यापक भर्ती के तहत विभिन्न विषयों में कुल लगभग 1,700 से ज्यादा पदों पर भर्ती की जानी है। परीक्षा का आयोजन तीन से चार चरणों में किया जा रहा है। पूर्व निर्धारित 30 अगस्त की परीक्षा को अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अब 4 अक्टूबर को आयोजित किया जाएगा।
आयोग ने बताया कि पहले दिन की सभी परीक्षाएं त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुईं। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। पूरे आयोजन के दौरान किसी प्रकार की शिकायत, नकल प्रकरण अथवा अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
