
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेल की मेजबानी में चल रही 81वीं अखिल भारतीय रेलवे पुरुष फुटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 के तीसरे दिन 17 सितंबर को रेलवे स्टेडियम और शिवाजी ग्राउंड सदर में चार मुकाबले खेले गए। शिवाजी ग्राउंड में रेल व्हील फैक्ट्री ने बनारस लोकोमोटिव वर्क्स को 2-0 से हराया, जबकि रेल कोच फैक्ट्री ने दक्षिण तटीय रेलवे को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से शिकस्त दी। रेलवे स्टेडियम में पश्चिम रेलवे ने पूर्व रेलवे को 2-1 से हराया, वहीं उत्तर सीमांत रेलवे और दक्षिण रेलवे के बीच मुकाबला गोलरहित 0-0 से ड्रॉ रहा। प्रतियोगिता में 13 रेलवे टीमें दो पूलों में लीग मुकाबले खेल रही हैं। पूल-ए में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, उत्तर सीमांत रेलवे, रेलवे बोर्ड, दक्षिण रेलवे, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स और रेल व्हील फैक्ट्री, जबकि पूल-डी में पश्चिम मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, पूर्व रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, दक्षिण मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे और दक्षिण तटीय रेलवे शामिल हैं। 15 से 24 सितंबर तक चल रही चैंपियनशिप के मुकाबलों में खिलाड़ी पूरे जोश के साथ मैदान पर उतर रहे हैं और रेलवे स्टेडियम खेलप्रेमियों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
खेलप्रेमी उपस्थित रहे
मुकाबलों के दौरान प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में रेलवे रिक्रूटमेंट चेयरमैन सुप्रकाश, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वरुण चतुर्वेदी, सहायक वाणिज्य प्रबंधक गुन्नार सिंह और सहायक कार्मिक अधिकारी सचिपति नंदन सहित रेलवे अधिकारी व खेलप्रेमी उपस्थित रहे। पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ, जबलपुर द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
