नयी दिल्ली (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और अभिनेत्री सांसद कंगना रनौत ने शुक्रवार को विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के शुभंकर ‘विराज’ का अनावरण किया।
आज यहां आयोजित एक समारोह में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की ब्रांड एंबेसडर कंगना रनौत ने 27 सितंबर से जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुरु होने वाले इस टूर्नामेंट के शुभंकर ‘विराज’ का अनावरण किया गया।
इस अवसर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन केवल भारत की खेल शक्ति का प्रतीक नहीं है, बल्कि पैरा खिलाड़ियों के अदम्य साहस, जज़्बे और जुझारूपन का महोत्सव है। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में खेल जगत में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। विशेषकर पैरा खिलाड़ियों को दी गई विश्वस्तरीय सुविधाओं और सम्मान ने भारत को पैरा गेम्स में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
उन्होंने विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में हिस्सा लेने वाले सभी पैरा खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार सभी खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर भारतीय पैरा ओलंपिक समिति के अध्यक्ष देवेंद्र झाझरिया, मुख्य संरक्षक वनाठी श्रीनिवासन और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद और अनय गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
