चंबल नदी में स्टीमर संचालन पर प्रतिबंध

गरोठ। क्षेत्र में वर्षों से नियम विरुद्ध संचालित हो रहे स्टीमर और नावों के खिलाफ आखिरकार प्रशासन सक्रिय हो गया है। शनिवार को प्रशासनिक टीम ने चंबल नदी में संचालित यात्री स्टीमर की जांच कर आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की और जांच पूरी होने तक उनके संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया।

जानकारी के अनुसार, लंबे समय से बिना परमिट और आवश्यक शासकीय दस्तावेजों के स्टीमर संचालित किए जा रहे थे, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में डाली जा रही थी। स्थानीय स्तर पर जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। अक्सर किसी हादसे के बाद ही जांच और दस्तावेजों की औपचारिकता शुरू होती रही है।

हाल ही में जबलपुर में हुए क्रूज हादसे के बाद प्रशासन हरकत में आया। मंदसौर जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम राहुल चौहान, एसडीओपी विजय यादव, टीआई बलवीर यादव तथा तहसीलदार अर्जुनसिंह भदौरिया सहित टीम ने बर्रामा क्षेत्र पहुंचकर गांधीसागर के बैकवाटर में संचालित स्टीमर की जांच की। इस दौरान बीमा, फिटनेस और लाइसेंस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई।

एसडीएम राहुल चौहान ने बताया कि जांच पूरी होने तक सभी यात्री स्टीमर के संचालन पर रोक लगा दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर कार्रवाई की जाती तो हादसों की आशंका को टाला जा सकता था। अब प्रशासन की इस कार्रवाई से उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Next Post

प्रकृति अनुकूल स्थापत्य हमारे वास्तु का है आधार : सीएम डॉ यादव 

Sat May 2 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रकृति अनुकूल स्थापत्य हमारे वास्तु का आधार है। वर्तमान समय की बड़ी चुनौती यह है कि हम कंक्रीट के बढ़ते जंगलों और सिमटते प्राकृतिक संसाधनों के बीच खड़े हैं। पर्यावरण अनुकूल निर्माण को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। हमें गर्व होना चाहिए […]

You May Like