इंदौर:बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी पत्नी पहली बार कैमरे के सामने आई और अपने बचाव में बयान दिया. इसके बाद मामला फिर गरमा गया है. मृतक की मां ने आरोपी के बयान पर सवाल उठाते हुए उसके परिवार की भूमिका पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और दोबारा सीबीआई जांच की मांग की है.हाल ही में आरोपी सोनम रघुवंशी ने पूर्वोत्तर के एक निजी चैनल से बातचीत में कहा कि वह नेपाल नहीं भागी है और उसके बारे में झूठी बातें फैलाई जा रही हैं. साथ ही यह भी कहा कि वह कोर्ट की कार्यवाही में सहयोग कर रही है और आगे भी करती रहेगी.
फिलहाल उसका इंदौर आने का कोई प्लान नहीं है. सोनम के इस बयान के बाद मृतक राजा रघुवंशी की मां ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जो महिला शादी के सात वचन निभा नहीं सकी, वह अदालत के नियमों का पालन कैसे करेगी. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि आरोपी को शिलांग में ही रहना था तो उनके बेटे की हत्या क्यों की गई. मृतक की मां ने आरोप लगाया कि आरोपी का पूरा परिवार उसका साथ दे रहा है. माता पिता और भाई द्वारा उसे पैसे भेजे जा रहे हैं. उन्होंने दावा किया कि आरोपी के पास महंगा मोबाइल फोन है और वह रोज अपनी मां से वीडियो कॉलिंग पर बात करती है. साथ ही तंत्र मंत्र और ताबीज के सहारे उसे बचाने की कोशिश किए जाने के भी आरोप लगाए.
निष्पक्ष जांच के लिए मामला सीबीआई को सौंपे
राजा की मां ने यह भी कहा कि शुरुआत से ही वे इस मामले में सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं. अगर पहले ही जांच एजेंसी को सौंप दिया जाता तो सभी आरोपी और मददगार सामने आ जाते. अब भी सरकार को निष्पक्ष जांच के लिए मामला सीबीआई को सौंपना चाहिए, ताकि उनके बेटे को न्याय मिल सके. गौरतलब है कि आरोपी के मीडिया के सामने आने के बाद इस बहुचर्चित हत्याकांड में एक बार फिर सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है.
