
पांढुरना। आम जनता को स्वस्थ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा प्राकृतिक/जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश के किसानों को जैविक खेती करने प्रोत्साहित करने एवं कृषकों द्वारा खेतो में उत्पादित की गई इन वस्तुओं की अधिक बिक्री होंकर लोगों को सहजता से इस जैविक खाद्य वस्तुएं उपलब्ध हो सके इसके लिए व्यवस्थित हाट बाजार लगाए जाने की मुख्यमंत्री के मंशा के अनुरूप जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में पांढुरना जिलावासियों के लिए नगर जिला मुख्यालय के शुक्रवारी बाजार में प्रति गुरुवार को जैविक प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाजार का शुभारंभ किया गया है।
यह बाजार प्रत्येक गुरुवार को नगर पालिका के शुक्रवार बाजार में सुबह 10 बजे लगता हैं। प्रति गुरुवार के तरह आज 08जनवरी 2026 को सुबह 10 बजे से शुक्रवार बाजार में जैविक प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाजार का आयोजन किया गया। इस बाजार में जिले में जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले कृषकों ने अपने उत्पाद विक्रय के लिए प्रस्तुत किए। दोपहर 3 बजे तक कृषकों द्वारा लाए गए उत्पाद का सफलतापूर्वक विक्रय हो चुका था। आम नागरिकों का इस बाजार के प्रति उत्साहजनक प्रतिसाद प्राप्त हुआ।
आज जैविक हाट बाजार में किसानों द्वारा आलू, देशी (छोटे) टमाटर, हरा मटर, मेथी एवं पालक भाजी, हरी धनिया, हरी प्याज, अरहर फली, दूधमोगरा फली, ज्वार एवं मक्का आटा, हल्दी पाउडर, कच्ची हल्दी, हरी मिर्च, अचार, पापड़, चना भाजी आदि उत्पाद विक्रय हेतु उपलब्ध कराए गए थे।
आज इस बाजार में स्वयं जिला कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ सह परिवार जैविक हाट में उपस्थित हुए और बाजार से किसानों द्वारा लाए गए जैविक उत्पाद की खरीदी की। उन्होंने उपस्थित किसानों से चर्चा की और उनके द्वारा लाए गए उत्पादों की सराहना की। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने परिवार को रसायनमुक्त सब्जियां, अनाज, दाले आदि खिलाएं ताकि सभी बीमारियों से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गुरुवार को लगने वाले जैविक हाट बाजार से रसायनमुक्त उत्पाद अवश्य खरीदे।
यह हाट बाजार किसानों के लिए आय का साधन बनने के साथ-साथ आम जनता के लिए स्वास्थ्यवर्धक और रसायनमुक्त भोजन का भरोसेमंद स्रोत बनता जा रहा है।
