
दमोह।विद्युत चोरी के खिलाफ विद्युत वितरण कंपनी की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में दमोह शहर के धगट चौराहा में स्थित आर्मी जिम में विद्युत चोरी का मामला सामने आया है। अधीक्षण अभियंता दमोह वृत्त के निर्देशन में कार्यपालन अभियंता मोतीलाल साहू द्वारा टीम गठित कर दमोह शहर के बड़े विद्युत उपभोक्ताओं व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सहायक अभियंता एवं कनिष्ठ अभियंता के नेतृत्व में लाइन कर्मचारियों की टीम ने आर्मी जिम में अचानक पहुंचकर विद्युत कनेक्शन और मीटर की जांच की जांच के दौरान जिम में 6 एयर कंडीशन चालू पाए गए। जिसमें जांच के दौरान मीटर बायपास कर विद्युत का अनधिकृत उपयोग करते हुए पकड़ा। मौके पर जांच के बाद पंचनामा तैयार कर संबंधित जिम संचालक के विरुद्ध विद्युत चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान टीम ने पाया कि मीटर को बायपास कर विद्युत का उपयोग किया जा रहा था। विद्युत अधिकारियों ने मौके पर विद्युत स्थिति का परीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद नियमानुसार पंचनामा तैयार किया। इसके बाद विद्युत चोरी का प्रकरण दर्ज करते हुए संबंधित जिम संचालक के विरुद्ध विद्युत चोरी के प्रकरण में नियमानुसार 1.8 लाख की राशि का जुर्माना निर्धारित कर कार्रवाई की गई। अधीक्षण अभियंता दमोह वृत्त के निर्देश पर दमोह शहर क्षेत्र में बड़े शोरूम, होटल, जिम, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। विभाग द्वारा विशेष रूप से यह देखा जा रहा है कि कहीं मीटर से छेड़छाड़, मीटर बायपास या स्वीकृत भार से अधिक विद्युत का उपयोग तो नहीं किया जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता ने बताया कि गत माह जबलपुर नाका स्थित एक होटल में भी छापामार कार्रवाई की गई थी, जहां जांच के दौरान अनियमितता मिलने पर ₹80 हजार का जुर्माना लगाया गया था। संबंधित संचालक द्वारा उक्त राशि जमा करा दी गई है।
कार्यपालन अभियंता श्री मोतीलाल साहू ने कहा कि विद्युत चोरी व विद्युत के अनधिकृत उपयोग के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे विद्युत का उपयोग केवल वैध कनेक्शन और स्वीकृत भार के अनुसार ही करें तथा मीटर से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ न करें।
उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी पाए जाने पर नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। विभाग का विशेष चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
