एचसीएलटेक पल्स एक खास इकाई होगी जो उन कंपनियों की मदद करेगी जिनका सालाना राजस्व 50 करोड़ डॉलर से पांच अरब डॉलर के बीच है। यह इकाई उन कंपनियों को सुरक्षित रूप से एआई को बड़े पैमाने पर अपनाने, प्रौद्योगिकी आधार को आधुनिक बनाने और तेजी से विकास करने में मदद करेगी।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह ग्राहकों को अलग-थलग एआई पहलों से आगे बढ़ने में मदद करता है। यह एआई रणनीति, डेटा, साइबर, प्लेटफॉर्म, इंजीनियरिंग और बिजनेस-प्रोसेस ट्रांसफॉर्मेशन को एक ही एकीकृत ट्रांसफॉर्मेशन एजेंडा में जोड़ता है।
वैश्विक अनुसंधान कंपनी एवरेस्ट ग्रुप के संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष पीटर बेंडर-सैमुअल ने कहा, “यह सेगमेंट लगभग 400 अरब डॉलर की वैश्विक प्रौद्योगिकी सेवा के अवसर का प्रतिनिधित्व करता है और सालाना 7-9 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।”
एचसीएल टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सी. विजयकुमार ने कहा, “एआई विकास के अर्थशास्त्र को पुन: परिभाषित कर रहा है। असली फायदा उन कंपनियों को मिलता है जो अपनी प्रक्रियाओं के बारे शुरू से ही नये सिरे से सोचने का साहस रखती हैं – न कि केवल मौजूदा चीजों को स्वचालित करती हैं – और ऐसा सुरक्षित और जिम्मेदारी से करती हैं।”
उन्होंने बताया कि एचसीएलटेक पल्स कंपनी की एआई, इंजीनियरिंग, साइबर, डेटा और उद्योग विशेषज्ञता को एक मंच पर लाती है ताकि कंपनियों को काम करने के तरीके पर पुनर्विचार करने और एआई निवेश को मापने योग्य व्यावसायिक मूल्य में बदलने में मदद मिल सके।

