
सीधी। सभी निर्माण कार्यों के शिल्पी आदिकाल से भगवान विश्वकर्मा को माना जाता है। वर्तमान में भले ही विभिन्न कार्यों के अलग-अलग शिल्पकार हो गए हों लेकिन सभी भगवान विश्वकर्मा की कला के ही देन हैं। यह बातें श्रीगणेश जन कल्याण समिति सीधी द्वारा स्थानीय मानस भवन में आयोजित भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम को मुख्य अतिथि की आसंदी से संबोधित करते हुए पूर्व विधायक केदारनाथ शुक्ला ने कही। श्री शुक्ल ने कहा कि वर्तमान में हम जितने भी निर्माण कार्य देखते हैं वह सभी शिल्पकला से ही संबंधित हैं।
इसी वजह से सभी निर्माण कार्यों से जुड़े लोग भगवान विश्वकर्मा की जयंती पर पूरी श्रद्धा एवं आस्था के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। इससे पूर्व भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आज दोपहर शहर में भव्य रथयात्रा निकाली गई। यह रथयात्रा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित हुई। रथयात्रा अमर प्रेम पैलेस डैनिहा सीधी से प्रारंभ होकर सम्राट चौराहा, कोतवाली रोड़ अमहा चौराहा, लालता चौराहा एवं अस्पताल चौराहा होते हुए पुन: अमर प्रेम पैलेस डैनिहा में समाप्त हुई। स्थानीय मानस भवन में भव्य एवं दिव्य रूप से भगवान विश्वकर्मा पूजन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुगण शामिल थे।
