इंदौर: कनाड़िया अंडरब्रिज चौराहे पर बुधवार को तेज गति से कॉलेज बस चलाने की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस ने तत्काल बस को रुकवा लिया. चालक के नशे में होने की आशंका पर कनाड़िया थाना पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर जांच में चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिला, जिसके बाद बस और चालक को आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया.
यातायात व्यवस्था संभाल रहे सहायक उप निरीक्षक राजकुमार मेवाड़ा, आरक्षक विशाल सिंह और आरक्षक राजकुमार प्रजापति को एक बाइक चालक ने बस के तेज गति और लापरवाही से चलने की जानकारी दी थी. पुलिसकर्मियों ने सूचना मिलते ही बस को रुकवाया और चालक की स्थिति संदिग्ध लगने पर कनाड़िया थाने की बीट को मौके पर बुलाया. बीट पुलिस ने चालक की जांच की, जिसमें उसके शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई. इसके बाद कॉलेज बस और चालक को आगे की कार्रवाई के लिए थाना पुलिस को सौंप दिया.
