राष्ट्रपति मैक्रॉन ने सरकार को ईंधन संकट हल करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आदेश दिया

पेरिस 17 सितंबर (वार्ता) राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने सरकार को देश में ईंधन संकट को हल करने के लिए हर संभव प्रयास करने का आदेश दिया है।

फ्रांस सरकार की प्रवक्ता मौड ब्रेगॉन ने बुधवार को यह जानकारी दी।

फ्रांस के वित्त मंत्री रोलैंड लेस्क्योर ने गत 11 सितंबर को कहा था कि फरवरी में ईरान से जुड़े संघर्ष के शुरू होने के बाद ईंधन की कीमतों में जो उछाल आया था, वह लंबे समय तक ऊँचा बना रहेगा। देश में डीजल की कीमत 2.30 यूरो प्रति लीटर और गैसोलीन की कीमत 2.10 यूरो प्रति लीटर तक पहुँच गई है। यह संकट से पहले की तुलना में औसतन लगभग 30 प्रतिशत अधिक है।

सुश्री ब्रेगॉन ने एक ब्रीफिंग के दौरान कहा, “राष्ट्रपति ने अपनी सरकार से कहा है कि वे एक तरफ ईंधन की आपूर्ति सुनिश्चित करने और दूसरी तरफ कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पूरी तरह से जुट जाएं।”

समाचार पत्र ‘ले फिगारो’ ने प्रधानमंत्री सेबेस्टियन लेकोर्नू के सहयोगियों के हवाले से खबर दी है कि लेकोर्नू ने ईंधन की बढ़ती कीमतों से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों को सहायता देने वाले उपायों को 31 दिसंबर तक बढ़ाने का आदेश दिया है।

सरकार ने मई में घोषणा की थी कि प्रभावित क्षेत्रों के लिए कुल सहायता राशि बढ़ाकर 1.2 अरब यूरो कर दी गई है।

 

 

Next Post

ट्रंप खाड़ी देशों के नेताओं के साथ ईरान पर बातचीत करेंगे

Thu Sep 17 , 2026
वाशिंगटन 17 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले हफ़्ते संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर फ़ारस की खाड़ी के देशों के नेताओं के साथ ईरान के साथ युद्ध में अगले कदमों पर चर्चा करेंगे। एक्सियोस न्यूज़ पोर्टल ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में बुधवार […]

You May Like