श्योपुर: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती शुक्रवार को श्योपुर जिले में मनाई गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के उपलक्ष्य में प्रशासन द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। ‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत पाली रोड स्थित पीजी कॉलेज परिसर से हुई।
यह दौड़ पुराना बस स्टैंड स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में कलेक्टर अर्पित वर्मा, पुलिस अधीक्षक सुधीर कुमार अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण शर्मा, पूर्व विधायक दुर्गालाल विजय और पूर्व विधायक ब्रजराज सिंह चौहान सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सभी प्रतिभागियों ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारे लगाए। समापन स्थल पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण ने उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। दौड़ में शामिल छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
