
सीधी। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों की बुनियादी दक्षताओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर विकास मिश्रा की अध्यक्षता में 16 सितम्बर को डाइट सीधी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए रणनीति तैयार करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि कक्षा एक बच्चों की शैक्षणिक नींव तैयार करने वाली सबसे महत्वपूर्ण कक्षा है। इस स्तर पर बच्चों को बेहतर सीखने का वातावरण मिले, इसके लिए ऊर्जावान और दक्ष शिक्षकों से अध्यापन कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक कक्षाओं में शिक्षक का प्रयास केवल पाठ पूरा करने तक सीमित न रहे बल्कि बच्चों की भाषा, लेखन, समझ और सीखने की क्षमता के समग्र विकास पर केंद्रित हो। उन्होंने ऊर्जावान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और शिक्षकों को 25-25 के समूहों में प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में व्यवहारिक शिक्षण पद्धतियों, बच्चों की सीखने की जरूरतों और कक्षा-कक्ष में नवाचार पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। कलेक्टर ने प्राथमिक कक्षाओं में विद्यार्थियों के लेखन कार्य को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई से जोडऩे के लिए शिक्षण को रुचिकर और गतिविधि आधारित बनाया जाए। इसके लिए चैट जीपीटी एवं गूगल जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों की सहायता से विषयानुकूल शिक्षण सामग्री तैयार कर उसका कक्षा में उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में सुधार के लिए केवल नई तकनीक ही नहीं बल्कि अनुभव का उपयोग भी महत्वपूर्ण है। सेवानिवृत्त शिक्षकों के अनुभवों का लाभ लिया जाए तथा अच्छे निजी एवं शासकीय विद्यालयों के अनुभवी शिक्षकों की कक्षाओं और शिक्षण पद्धतियों का अवलोकन कराया जाए ताकि उपयोगी तरीकों को स्थानीय स्तर पर अपनाया जा सके। डाइट के मॉनिटरकर्ताओं को अपनी विशेषज्ञता के अनुसार शिक्षण की प्रभावी विधियों पर दो-दो मिनट के छोटे वीडियो तैयार कर समूह के माध्यम से साझा करने के निर्देश दिए गए, जिससे शिक्षकों को सरल और व्यावहारिक शिक्षण तकनीकें उपलब्ध हो सकें।
डाइट को मॉडल संस्थान के रूप में विकसित करने के निर्देश
कलेक्टर ने डाइट सीधी में नवीन पुस्तकालय विकसित करने और आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों में डाइट के सक्षम अकादमिक सदस्यों को अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने डाइट सीधी को मॉडल डाइट के रूप में विकसित करने तथा इसे प्राथमिक शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए प्रभावी अकादमिक संसाधन केन्द्र बनाने पर जोर दिया।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में सहायक संचालक भगवान दास कोल, डीपीसी विनय मिश्रा, प्राचार्य डाइट एच.केरकेट्टा, व्ही.के.शुक्ला, अरुण मिश्रा, मनोज शुक्ला, ओ.पी.मिश्रा, अरुणा शुक्ला, गौतममणि अग्निहोत्री, डॉ.मुन्नालाल पटेल, वी.वी.सिंह, हरिविलास गुप्ता, अनुराधा सिंह, नीलेश कुमार पाण्डेय, रमाकांत द्विवेदी, मणिभरण वर्मा एवं अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे।
