मुंबई, 16 सितंबर (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में रुपया बुधवार को तीन पैसे फिसल गया और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.91 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 34 पैसे की गिरावट में 95.88 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुई थी।
रुपये की शुरुआत एक पैसे नीचे 95.89 रुपये प्रति डॉलर से हुई थी। दिन भर यह सीमित दायरे में रहा। यह ऊपर 95.85 रुपये और नीचे 95.98 रुपये प्रति डॉलर तक गया। अंत में 95.91 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.1 प्रतिशत की तेजी से रुपये पर दबाव रहा। साथ ही, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार से 58.31 करोड़ डॉलर निकालने से भी भारतीय मुद्रा गिरावट में रही।
दूसरी तरफ, कच्चे तेल में नरमी से रुपये की गिरावट सीमित रही। कच्चे तेल का मानक ब्रेंट क्रूड वायदा आज सवा फीसदी टूटकर 107 डॉलर प्रति बैरल से कुछ ऊपर रहा।
