ब्यावरा:थाना ब्यावरा (शहर) पुलिस ने सुठालिया रोड स्थित ऑटो पार्ट्स की दुकान में हुई झूठी चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है.घटना बीते 05 नवंबर की है.थाना ब्यावरा क्षेत्रांतर्गत सुठालिया रोड तिराहा, लोधा धर्मशाला स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान में चोरी होने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना पर थाना पुलिस तत्काल मौके पर
पहुंची और जांच प्रारंभ की. इस संबंध में अपराध क्रमांक 808/2025 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया.
जांच के दौरान प्राप्त सीसीटीवी फुटेज एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर फरियादी दुर्गेश पिता हरिसिंह लववंशी (उम्र 34 वर्ष, निवासी कोडियाखेड़ी) से पूछताछ की गई. दौराने पूछताछ आरोपी दुर्गेश ने स्वीकार किया कि उसने स्वयं ही अपनी दुकान का ताला तोड़ा और झूठी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
ऐसे पता चला झूठी कहानी का सच फरियादी दुर्गेश 05 नवंबर की शाम लगभग 7 बजे दुकान बंद कर गांव चला गया था. रात करीब 11.28 बजे मुंह पर कपड़ा बांधकर वापस आया, अपनी दुकान का ताला खोला और हथौड़ी से तोड़कर कुछ दूर फेंक दिया ताकि लगे कि अज्ञात चोरों ने चोरी की है. अगले दिन सुबह उसने आसपास के लोगों को दुकान में चोरी की झूठी सूचना दी और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
कठोर पूछताछ में उसने यह भी स्वीकार किया कि उसने एचडीएफसी बैंक से 3 लाख का लोन लिया था और किस्तें समय पर न चुकाने तथा अन्य उधार के दबाव के कारण यह साजिश रची. जांच में पाया गया कि दुकान से कोई सामान चोरी नहीं हुआ था. ताला तोड़ने में प्रयुक्त हथौड़ा भी दुकान से बरामद किया गया.
इस प्रकार आरोपी द्वारा झूठी रिपोर्ट दर्ज कराना सिद्ध हुआ है, जिस पर थाना ब्यावरा पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. इस जांच में पुलिस टीम की ओर से निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह धाकड़, थाना ब्यावरा, उप निरीक्षक विवेक शर्मा, आरक्षक धीरेन्द्र कुमार, गुरु गोविन्द ने सराहनीय प्रयास किया
