कृषि( हॉर्टिकल्चर) विद्यार्थियों ने किया उन्नत उद्यानिकी तकनीकों का अध्ययन

पेटलावद. उद्यानिकी विभाग पेटलावद के द्वारा शकुंतला देवी महाविद्यालय, पेटलावद /थांदला के बीएससी कृषि( हॉर्टिकल्चर) के छात्र-छात्राओं द्वारा ग्राम रायपुरिया में हाईटेक हॉर्टिकल्चर एवं उन्नत उद्यानिकी तकनीकों का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों के माध्यम से पौध तैयार करने एवं उद्यानिकी फसलों की वैज्ञानिक खेती की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

कृषक श्री नानालाल पाटीदार, ग्राम रायपुरिया के फार्म पर विद्यार्थियों ने ऑटोमेटिक बीज बुआई यूनिट का अवलोकन किया। साथ ही पॉलीहाउस एवं शेडनेट हाउस में सब्जियों की उच्च गुणवत्ता वाली पौध तैयार करने की प्रक्रिया, बीज बुआई, नर्सरी प्रबंधन तथा पौधों की प्रारंभिक अवस्था में देखभाल के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों को शेडनेट हाउस एवं पॉलीहाउस की संरचना, उपयोगिता एवं उद्यानिकी क्षेत्र में इनके महत्व के बारे में भी विस्तार से बताया गया। संरक्षित खेती के माध्यम से प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों से फसल को बचाने, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन प्राप्त करने तथा वर्षभर सब्जियों एवं अन्य उद्यानिकी फसलों का उत्पादन लेने की तकनीकों से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने कृषक श्री लक्ष्मीनारायण पाटीदार, रायपुरिया के खेत का भ्रमण कर गेंदा की उन्नतशील किस्म ‘टेनिस बॉल’ की खेती का अवलोकन किया। विद्यार्थियों को गेंदा फसल की उन्नत उत्पादन तकनीक, पौध प्रबंधन एवं खेत स्तर पर अपनाई जा रही तकनीकों की जानकारी दी गई।

इसी क्रम में कृषक श्री लालू अंबाराम पाटीदार के फार्म पर अमरूद की तकनीकी खेती का अवलोकन किया गया। यहां विद्यार्थियों को ड्रिप इरिगेशन सिस्टम, कटाई-छंटाई (प्रूनिंग) तथा फलों की फ्रूट कवरिंग/बैगिंग तकनीक की व्यावहारिक जानकारी दी गई। फलों को कीटों एवं अन्य प्रतिकूल प्रभावों से बचाने तथा गुणवत्तापूर्ण एवं आकर्षक फल उत्पादन में फ्रूट कवरिंग की भूमिका भी समझाई गई।

इस अवसर पर वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी, पेटलावद श्री सुरेश इनवाती द्वारा विद्यार्थियों को हाईटेक हॉर्टिकल्चर, संरक्षित खेती, आधुनिक सिंचाई व्यवस्था, नर्सरी प्रबंधन एवं उन्नत उद्यानिकी तकनीकों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक खेती को अपनाकर उद्यानिकी क्षेत्र में उत्पादन, गुणवत्ता एवं किसानों की आय में वृद्धि की व्यापक संभावनाएं हैं। महाविद्यालय संचालक राहुल मुथा ने उद्यानिकी विभाग का आभार माना इस अवसर पर महाविद्यालय की ओर से प्रोफेसर पूजा हीहोर,रामसिंह बारिया मधु राठौड उपस्थित थे.

Next Post

उप मुख्यमंत्री निवास पर सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे...?

Tue Sep 15 , 2026
विंध्य की डायरी   डा. रवि तिवारी   राजनीति का गिरता हुआ चरित्र आज एक गंभीर और चिंता का विषय बन गया है. जहां वैचारिक मूल्यों की जगह केवल सत्ता प्राप्ति और अवसरवादी सोच हावी हो रही है. राजनीतिक मर्यादा और चरित्र में गिरावट को लेकर काफी चिंताएं है. किसी […]

You May Like