
जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में वाणिज्य विभाग के कार्यालय अधीक्षक आनंद कुमार पटेल ने सीनियर राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 120 किलोग्राम भार वर्ग की डेडलिफ्ट स्पर्धा में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्णिम सफलता दर्ज की। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आयोजित प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए पटेल ने अपनी ताकत, अनुशासन और मेहनत का दम दिखाया। उनकी इस उपलब्धि से मध्य प्रदेश के साथ पश्चिम मध्य रेलवे और जबलपुर रेल मंडल का नाम भी राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ।
श्री पटेल की इस उपलब्धि पर पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह, खेलकूद संघ अध्यक्ष मनोज गुरुमुखी और सचिव जी.पी. शिव नारायण ने उन्हें बधाई दी। महाप्रबंधक ने उनकी सफलता की सराहना करते हुए आगामी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
