छात्रों की गूंज शिक्षा पर राष्ट्रीय बहस की शुरुआत करेगी: नायक

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा है कि 19 सितंबर को इंदौर में आयोजित होने वाला ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम देश में शिक्षा के मुद्दे पर एक नई और निर्णायक राष्ट्रीय बहस की शुरुआत करेगा।

नायक ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी चिंताओं, आकांक्षाओं तथा भविष्य से जुड़े सवालों को देश के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षा को राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श के केन्द्र में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में शैक्षणिक उत्कृष्टता, परिसरों में अनुशासन, परीक्षाओं में पारदर्शिता, नवाचार तथा शिक्षा को रोजगार और व्यावहारिक कौशल से जोड़ने जैसे क्षेत्रों में तत्काल सुधार की आवश्यकता है।

नायक ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं के सामने फीस में असमानता, प्रश्नपत्र लीक, नियमित कक्षाओं का अभाव, परिसरों में असुरक्षा एवं अव्यवस्था तथा छात्रावासों में अपर्याप्त शैक्षणिक वातावरण जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन समस्याओं पर अपेक्षित निरंतर ध्यान नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा कि देश के युवा अब अपने अधिकारों, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को लेकर सवाल पूछ रहे हैं और उनकी आवाज को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ को केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि करोड़ों विद्यार्थियों की आवाज को लोकतांत्रिक मंच देने वाली पहल बताया।

नायक ने मध्य प्रदेश के विद्यार्थियों और युवाओं से 19 सितंबर को बड़ी संख्या में इंदौर पहुंचकर कार्यक्रम को शिक्षा पर नई राष्ट्रीय बहस का सशक्त मंच बनाने की अपील की।

Next Post

केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने मिजोरम में खेल इकोसिस्टम का जायजा लिया

Tue Sep 15 , 2026
आइजोल, 15 सितम्बर (वार्ता) युवा मामले और खेल राज्य मंत्री श्रीमती रक्षा खडसे ने आइजोल के दौरे के दौरान मिजोरम में खेल इकोसिस्टम का जायजा लिया। इस दौरे का मकसद खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, खिलाड़ियों को सहायता देना और पूर्वोत्तर के खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर अवसर पैदा करना […]

You May Like