कोलकाता के कालीघाट मंदिर में मुख्य चुनाव आयुक्त को दिखाए गए काले झंडे, ‘गो बैक’ के नारों से गूंजा परिसर, बंगाल चुनाव से पहले बढ़ा सियासी तनाव

कोलकाता | भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को आज सुबह कोलकाता के प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में दर्शन के दौरान कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। जैसे ही उनका काफिला मंदिर पहुंचा, प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाए और “वापस जाओ” के नारे लगाए। इससे पहले रविवार रात भी एयरपोर्ट और वीआईपी रोड पर टीएमसी और वामपंथी कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची के अभ्यास को लेकर उनके खिलाफ प्रदर्शन किया था। हालांकि, मौके पर मौजूद भारी पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद सीईसी ने मंदिर में दर्शन किए।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ दोनों चुनाव आयुक्त, एसएस संधू और विवेक जोशी भी बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। चुनाव आयोग की यह पूरी बेंच सबसे पहले मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेगी, ताकि चुनाव को लेकर उनकी चिंताओं और सुझावों को सुना जा सके। इसके बाद पुलिस, सुरक्षा एजेंसियों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक विस्तृत समीक्षा बैठक होगी। इस बैठक का मुख्य केंद्र राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था और सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना बनाना है।

दौरे के आखिरी दिन यानी मंगलवार को चुनाव आयोग की टीम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) और सीएपीएफ (CAPF) के नोडल अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेगी। इस दौरान जमीनी स्तर पर बूथ लेवल अधिकारियों से भी सीधा संवाद किया जाएगा ताकि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके। दिल्ली रवाना होने से पहले सीईसी एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे, जिसमें वे बंगाल में निष्पक्ष चुनाव कराने के रोडमैप और सुरक्षा व्यवस्था पर आयोग का रुख स्पष्ट करेंगे। फिलहाल, लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।

Next Post

हरिद्वार में 6 वाहनों की भीषण भिड़ंत के बाद कारों में लगी आग, हादसे में मां की मौत से 3 मासूमों के सिर से उठा साया, दिव्यांग पिता पर टूटा दुखों का पहाड़

Mon Mar 9 , 2026
हरिद्वार | हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर बीती रात मोतीचूर फ्लाईओवर पर एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें उत्तराखंड रोडवेज की बस सहित छह वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि सीएनजी कार में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते अन्य वाहनों को भी चपेट में ले लिया। […]

You May Like

मनोरंजन