सिंगरौली: खुटार चौकी क्षेत्र में लगातार दो रात हुई चोरी की घटनाओं से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। अलग-अलग स्थानों पर हुई वारदातों में चोर नकदी और सामान लेकर फरार हो गए। घटनाओं के बाद अब पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने पहले पप्पू सिंह की पान गुमटी को निशाना बनाया। गुमटी का सामान खंगालने के साथ नकदी और अन्य सामग्री चोरी कर ली गई। इसके बाद सत्यदेव मेडिकल स्टोर और उससे जुड़े घर में चोरी की वारदात हुई। यहां से करीब 13 हजार रुपये नकद, दवाइयां, मोबाइल चार्जर और अन्य सामान चोरी होने की जानकारी सामने आई है।
मेडिकल स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध व्यक्ति रात के समय अंदर घुसकर सामान तलाशते हुए दिखाई दे रहा है। फुटेज के आधार पर पुलिस के सामने संदिग्ध की पहचान और गिरफ्तारी की चुनौती है। लगातार हुई वारदातों से स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
