माटी के गणेश अपनाएं, स्थानीय कलाकारों को दें संबल: खण्डेलवाल

बैतूल। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में स्थानीय कलाकारों द्वारा माटी से हस्तनिर्मित भगवान गणेश की प्रतिमा खरीदी और उसका भुगतान डिजिटल माध्यम से किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की।

खण्डेलवाल ने नागरिकों से गणेशोत्सव में माटी की प्रतिमाओं को प्राथमिकता देने तथा स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का पर्व है। माटी की प्रतिमा अपनाना हमारी परंपरा, स्थानीय कला के संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संगम है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों से प्रतिमाएं खरीदने से उन्हें रोजगार और आर्थिक संबल मिलता है तथा उनके हुनर का सम्मान होता है। उन्होंने ‘लोकल के लिए वोकल’ की भावना को मजबूत करने का भी आह्वान किया।

इस दौरान खण्डेलवाल ने डिजिटल भुगतान को भी बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन ने व्यापार और रोजमर्रा के भुगतान को सरल, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया है। छोटे दुकानदारों, कलाकारों और कारीगरों को डिजिटल भुगतान से जोड़ना डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Post

सीएम डॉ यादव ने राजस्थान में नगरीय निकायों के निर्वाचन में भाजपा की शानदार विजय पर दी बधाई

Mon Sep 14 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजस्थान में नगरीय निकाय निर्वाचन में भाजपा की शानदार जीत पर बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी पर जनता का विश्वास व्यक्त हो रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस विजय पर […]

You May Like