
सिंगरौली । गणेश चतुर्थी के साथ ही ऊर्जाधानी सिंगरौली में गणेशोत्सव की रौनक देखते ही बन रही है। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जगह-जगह आकर्षक पंडाल सजाकर विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं विधि-विधान के साथ विराजमान कराई गईं। गणपति बप्पा के जयकारों से चितरंगी, देवसर, बैढ़न, मोरवा, जयंत, विंध्यनगर, नवानगर, परसौना, बरगवां, माड़ा और सरई क्षेत्र भक्तिमय हो उठे। गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के दौरान पंडालों में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। कई स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट और रंग-बिरंगे पंडाल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
गणेशोत्सव को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में खासा उत्साह नजर आ रहा है। शाम होते ही पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है। गणपति बप्पा मोरया के जयघोष और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। चितरंगी से लेकर सरई तक अलग-अलग क्षेत्रों में सार्वजनिक गणेश उत्सव समितियों ने तैयारियां की हैं। आने वाले दिनों में पंडालों में विशेष पूजा, आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दस दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान ऊर्जाधानी में आस्था और उल्लास का यह रंग लगातार और गहराने की उम्मीद है।
