तिरुवनंतपुरम, 17 अक्टूबर (वार्ता) केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीसन ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नाम पर चल रही कल्याणकारी योजनाओं का नाम बदलने के केंद्र सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे राजनीतिक मंशा से उठाया गया कदम बताया है।
एक बयान में श्री सतीसन ने कहा कि यह फैसला दिखाता है कि सत्ता में बैठे लोगों को आज भी इंदिरा गांधी के नाम से बेचैनी होती है।
उन्होंने कहा, “आप सरकारी रिकॉर्ड से इंदिरा गांधी का नाम हटाने में भले ही सफल हो जाएं, लेकिन कोई भी सरकार भारत के लोगों के दिलों और दिमाग से उनकी यादों या उनके अमूल्य योगदान को कभी नहीं मिटा सकती।”
इंदिरा गांधी को देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बताते हुए श्री सतीसन ने कहा कि सरकारी योजनाओं से उनका नाम हटाने की कोशिशों से न तो उनकी विरासत कम होगी और न ही लोगों के दिलों में उनके लिए जो जगह है, उस पर कोई असर पड़ेगा।