भूपेंद्र यादव ने गुजरात में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड संरक्षण क्षेत्र का दौरा कर संरक्षण के प्रयासों की समीक्षा की

नयी दिल्ली, 14 सितंबर (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने गुजरात के कच्छ जिले के नलिया में ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (जीआईबी) के प्राकृतिक आवास का दौरा कर इसके संरक्षण और आवास प्रबंधन के प्रयासों की समीक्षा की तथा 33 नये गश्ती एवं बचाव वाहनों को रवाना किया है। श्री यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर इसका विवरण देते हुए लिखा कि उन्होंने नलिया में जीआईबी के लिए सॉफ्ट रिलीज सेंटर का उद्घाटन किया और प्रजाति के संरक्षण से जुड़े अधिकारियों तथा अन्य हितधारकों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि जीआईबी स्वस्थ पारिस्थितिकी तंत्र बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के साथ भारत की शुष्क विरासत का विशिष्ट सांस्कृतिक प्रतीक भी है।

उन्होंने बताया कि कच्छ के जीआईबी परिदृश्य में करीब 11 वर्ग किलोमीटर घासभूमि को आक्रामक विदेशी प्रजाति प्रोसोपिस जुलीफ्लोरा से मुक्त किया गया है तथा 15 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 30 किलोमीटर शिकारी-रोधी बाड़ लगायी गयी है। संरक्षण प्रजनन कार्यक्रम के तहत जंगली मादा जीआईबी के बांझ अंडों को व्यवहार्य अंडों से बदलने के ‘जंप-स्टार्ट’ प्रयास के तहत पैदा हुआ चूजा जंगल में तीन महीनों की महत्वपूर्ण अवधि पार कर चुका है। उन्होंने इसे गुजरात में इस प्रजाति के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

श्री यादव ने कहा कि जीआईबी के संरक्षण के लिए देश में विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सॉफ्ट रिलीज सेंटर में जीआईबी के संरक्षण, निगरानी और प्राकृतिक वातावरण में उसके क्रमिक अनुकूलन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं। उन्होंने कच्छ वन वृत्त के विभिन्न प्रभागों में वन एवं वन्यजीव संरक्षण, गश्त, निगरानी और त्वरित कार्रवाई के लिए 33 नये वाहनों को रवाना किया। बाद में श्री यादव ने सयारा में ‘हरियालु ग्राम’ पौधरोपण स्थल का दौरा किया, ‘सयारा वन कवच’ पहल का उद्घाटन किया तथा स्थानीय लोगों को पौधे वितरित किये।

.....

Next Post

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला प्रभारी राजेश्वर सेन ने की जनप्रतिनिधियों से भेंट 

Mon Sep 14 , 2026
दमोह। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष प्रमोद विश्वकर्मा के नेतृत्व में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला दमोह के संगठनात्मक प्रभारी राजेश्वर सेन दमोह जिले के संगठनात्मक प्रवास के दौरान दमोह जिले के जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक बंधुओं से मुलाक़ात व चर्चा हेतु, दमोह विधायक पूर्व वित्तमंत्री जयंत मलैया, जिला […]

You May Like