
नीमच। जिले के जावद नगर में सकलेचा सर्कल से आईटीआई तक बन रही डेढ़ किलोमीटर सडक़ में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। पीडब्ल्यूडी विभाग की देखरेख में बन रही 1 करोड़ 85 लाख रुपए की इस सीसी सडक़ में ठेकेदार ने बिजली के खंभों को हटाए बिना ही निर्माण शुरू कर दिया है।
किसानों बोले-अपनी मर्जी से टेढ़ी-मेढ़ी सडक़ बना रहे ठेकेदार
ठेकेदार अपनी मर्जी से सडक़ को टेढ़ी-मेढ़ी बना रहा है। इससे नाराज होकर 15 से अधिक किसानों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन डेढ़ घंटे तक चला।
किसान गिरीश धाकड़ का आरोप है कि ठेकेदार दबाव में काम कर रहा है। प्रभावशाली लोगों की अतिक्रमित सरकारी जमीन को छोडक़र किसानों की पुश्तैनी जमीन पर सडक़ बनाई जा रही है।
सडक़ के बेस में बड़े-बड़े पत्थरों का हो रहा इस्तेमाल
निर्माण में कई खामियां मिली हैं। सडक़ के बेस में बड़े-बड़े पत्थरों का इस्तेमाल किया गया है। बारिश के दौरान जल्दबाजी में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। निर्माण स्थल पर ठेकेदार गैरमौजूद मिला। एक मजदूर इंदरमल गुर्जर को सडक़ का सीमांकन करते हुए पाया गया। किसानों ने उस पर भी पक्षपात का आरोप लगाया है।
किसान बोले-ठेकेदार राजनीतिक दबाव में कर रहा काम
किसान रामचंद्र धाकड़ ने बताया कि सहमति के साथ सडक़ बनाने के लिए 13 फीट जगह छोड़ दी थी, लेकिन अब ठेकेदार किसी के दबाव में 13 से अधिक जमीन पर सडक़ बनाना चाहता है। वर्तमान में जो सडक़ बन रही है। उसमें घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है।
