भारतीय महिला और पुरुष टीम आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप में जीत का सिलसिला जारी रखा

लंदन, (इंग्लैंड) 30 अप्रैल (वार्ता) भारत के पुरुष और महिला दोनों खिलाड़ियों ने आईटीटीएफ वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में अपने दूसरे ग्रुप मैच जीतकर अपनी शानदार शुरुआत बरकरार रखी। बुधवार को ओवीओ एरिना वेम्बली में खेले गये मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने यूक्रेन को 3-2 से हराया, जबकि पुरुषों ने स्लोवाकिया को इसी स्कोर से हराया। वर्ल्ड टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप 2026 में अपने शुरुआती मैचों में, भारतीय महिलाओं को युगांडा से वॉकओवर मिला, जबकि पुरुषों ने ट्यूनीशिया को 3-0 से हरा दिया।

वर्ल्ड नंबर 48 मनिका बत्रा ने ओलंपियन तेत्याना बिलेंको को 3-1 (11-9, 7-11, 11-6, 11-5) से हराकर भारत को शानदार शुरुआत दी।

टेबल टेनिस रैंकिंग में 61वें नंबर पर मौजूद यशस्विनी घोरपड़े अगली थीं और उन्होंने दो गेम से पिछड़ने के बाद ज़बरदस्त वापसी की, लेकिन दुनिया की 51वें नंबर की खिलाड़ी मार्गरीटा पेसोत्स्का से 3-2 (11-7, 11-8, 1-11, 9-11, 11-9) से हार गईं।

इसके बाद दिया चिताले ने वेरोनिका मतियुनिना के खिलाफ 3-0 (11-6, 11-8, 11-6) से जीत हासिल करके भारत की बढ़त वापस ला दी। भारत जीत के करीब था, मनिका बत्रा अपने दूसरे मैच के लिए लौटीं, लेकिन मार्गरीटा पेसोत्स्का से 3-1 (11-9, 5-11, 11-8, 11-6) से हार गईं, जो टाई का अपना दूसरा मैच भी खेल रही थीं। इस डिसाइडर में यशस्विनी घोरपड़े ने मौके का फायदा उठाया और अपने दूसरे मैच में भारत के लिए तेत्याना बिलेंको को 3-1 (11-7, 11-9, 9-11, 11-7) से हराकर मैच पक्का कर दिया।

भारतीय महिला टीम गुरुवार को अपने आखिरी स्टेज 1b ग्रुप 6 मैच में रवांडा से भिड़ेगी।

पुरुषों के मुकाबले में, दुनिया के 51वें नंबर के मानुष शाह लुबोमिर पिस्तेज से 3-2 (11-8, 5-11, 8-11, 11-5, 11-6) से हार गए, जिसके बाद दुनिया के 38वें नंबर के मानव ठक्कर ने जैकब ज़ेलिंका को 3-0 (11-6, 11-8, 11-6) से हराकर भारत को बराबरी पर ला दिया। एशियन गेम्स के मेडलिस्ट हरमीत देसाई को ओलंपियन यांग वांग ने 3-0 (16-14, 11-5, 11-9) से हराया, जिसके बाद स्लोवाकिया ने फिर से बढ़त बना ली, लेकिन मानव ठक्कर अपने दूसरे मैच में लौटे और लुबोमिर पिस्तेज के खिलाफ 3-0 (11-3,11-3,11-3) से जीत हासिल करके मैच को डिसाइडर में पहुंचा दिया। इसके बाद मानुष शाह ने जैकब ज़ेलिंका के खिलाफ 3-0 (11-8, 11-8, 11-7) से आसान जीत हासिल करके मैच को पक्का कर दिया।

भारतीय पुरुष टीम अपने आखिरी स्टेज 1बी ग्रुप 7 मैच में ग्वाटेमाला से भिड़ेगी।

 

 

Next Post

ड्रेसिंग रूम में स्मोकिंग करने पर रियान पराग पर लगा भारी जुर्माना

Thu Apr 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 अप्रैल (वार्ता) रियान पराग पर उनके ‘स्मोकिंग एक्ट’ के लिए मैच फीस का 25 परसेंट जुर्माना लगाया गया है, जिससे खेल की बदनामी हुई। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान को भेजे गए नोटिस में, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने उन पर प्लेयर कोड ऑफ कंडक्ट (सीओसी) के […]

You May Like

मनोरंजन