
जबलपुर। मानसूनी प्रणालियां कमजोर पड़ते ही झमाझम बारिश पर ब्रेक सा लग गया है और पारा चढ़ गया, जिसके चलते उमस बढ़ गई हैं। मंगलवार को सुबह से सूर्यदेव ने दर्शन दिए, दिन में गर्मी का एहसास हुआ। उमस भरी गर्मी बढऩे से कूलर, पंखे एक बार फिर चल पड़े। मौसम विभाग की माने तो आज से 20 जुलाई तक दिन का तापमान बढऩे की उम्मीद है। इसके साथ ही चौबीस घंटे में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग की माने तो अगले 24 घंटों के दौरान इसके उत्तरी राजस्थान से होते हुए धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है मानसून ट्रफ माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, उत्तरी राजस्थान के मध्य भागों में बने डिप्रेशन के केंद्र, हमीरपुर, उत्तरी झारखंड और संलग्न दक्षिण बिहार पर बने सुस्पष्ट निम्न दाब क्षेत्र के 3 केंद्र, कोंटाई से होकर पूर्व-उत्तर-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। मंगलवार को अधिकतम तापमान चढक़र 33.7 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री कम रहा। सुबह के वक्त आद्रता 81 और शाम को 63 प्रतिशत दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चार से पांच किमी की रफ्तार से चली।
