
नयी दिल्ली, 14 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन ने देशवासियों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर 17 सितंबर को शाम छह से सात बजे के बीच अपने-अपने घरों में दीया जलाने और उनकी दीर्घायु तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना करने की अपील की है।
श्री नवीन ने सोमवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा कि जनसेवा से देशसेवा’ श्री मोदी के जीवन का मूल ध्येय रहा है। सरकार के प्रमुख के रूप में जन-सेवा और राष्ट्र-निर्माण के संकल्प को समर्पित उनकी 25 वर्षों की यह यात्रा अभूतपूर्व रही है।
उन्होंने कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को नयी दिशा और सामर्थ्य प्रदान किया है। आज उनके दिए सामूहिक संकल्प के परिणामस्वरूप हम ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर हैं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “देश की इस प्रगतिशील यात्रा और श्री मोदी के नेतृत्व के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करने के लिए आइए आगामी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर शाम छह से सात बजे के बीच अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएं और उनकी दीर्घायु तथा उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना करते हुए अपना शुभाशीष दें।”
