एक बार फिर दिखा खाकी का मानवीय चेहरा

हटा/दमोह। पुलिस की वर्दी को अक्सर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जोड़कर देखा जाता है, लेकिन रविवार को नगर हटा में खाकी का एक ऐसा मानवीय चेहरा सामने आया, जिसने लोगों का दिल जीत लिया। थाना प्रभारी सुधीर कुमार बैगी ने मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक की न केवल मदद की, बल्कि उसे अपने हाथों से नहलाकर साफ-सुथरे कपड़े पहनाए और उसकी पसंद की मिठाई खिलाई। जानकारी के अनुसार रविवार को थाना हटा के गेट के पास एक युवक बदहाल अवस्था में बैठा था। उसके कपड़े फटे-पुराने थे, बाल और दाढ़ी भी बिखरी हुई थी। युवक की पहचान बसंत पाठक निवासी शास्त्री वार्ड, हटा के रूप में बताई गई है।

*पूछा-खाना खाओगे, जवाब मिला मिठाई खानी है*

थाना प्रभारी सुधीर कुमार बैगी की नजर जब युवक पर पड़ी तो उन्होंने उसे अपने पास बुलाया और बेहद आत्मीयता से पूछा कि खाना खाओगे? युवक ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि खाना नहीं, मिठाई खानी है। इसके बाद थाना प्रभारी ने तत्काल उसके लिए नए कपड़ों की व्यवस्था कराई।

थाना प्रभारी ने स्वयं पाइप से पानी डालकर युवक को नहलाया, उसके बाल धोए और शेविंग करवाई। इसके बाद उसे साफ-सुथरे नए कपड़े पहनाए गए। साफ-सफाई और नए कपड़े पहनने के बाद युवक के चेहरे पर आई मुस्कान देखते ही बन रही थी। थाना प्रभारी ने बाद में उसकी पसंद की मिठाई भी खिलाई।

*वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल*

इस पूरे मानवीय व्यवहार का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थाना प्रभारी युवक की स्वयं साफ-सफाई करते और उसे नए कपड़े पहनाते नजर आ रहे हैं। पुलिसकर्मियों एवं आसपास मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग थाना प्रभारी सुधीर कुमार बैगी के इस मानवीय प्रयास की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं। खाकी के इस संवेदनशील रूप ने एक बार फिर संदेश दिया कि पुलिस का दायित्व केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद और असहाय लोगों के प्रति इंसानियत का हाथ बढ़ाना भी है।

Next Post

चुस्त चोरों को पुलिस ने महज 24 घंटे में किया पस्त, पुलिस कार्रवाई से पीड़ित परिवार की तबीयत हुई मस्त

Sun Sep 13 , 2026
हटा/दमोह।नगर हटा के समीपस्थ ग्राम बोरी कला में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर चोरों ने घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए थे, लेकिन हटा पुलिस ने भी जिला पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक […]

You May Like