कृष्णनगर, 01 जुलाई (वार्ता) पश्चिम बंगाल के नादिया जिले के कालीगंज में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर बुधवार को एस समय अंडे फेंके गये जब पार्टी सांसद महुआ मोइत्रा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ अंदर बैठी थीं।
सुश्री मोइत्रा ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस हमले का वीडियो अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड किया।
इस घटना के दो और वीडियो कुछ ही समय बाद सामने आए और सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो गये। एक वीडियो, जिसे कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों ने फिल्माया था, उसमें पुरुषों और महिलाओं का एक समूह पार्टी कार्यालय के बाहर खड़े होकर नारेबाजी करते हुए इमारत की तरफ अंडे फेंकता हुआ दिखाई दे रहा है। दूसरा वीडियो, जिसे सांसद महुआ मोइत्रा ने पार्टी कार्यालय के अंदर से रिकॉर्ड किया था, उसमें अंडों को खिड़कियों पर टकराते हुए देखा जा सकता है।
भाजपा की ओर से इस पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आयी है।
घटना के बाद जारी एक अन्य वीडियो में सुश्री मोइत्रा ने दावा किया कि उन्होंने पार्टी कार्यालय के बाहर जमा भीड़ के बारे में पुलिस को सूचित किया था, लेकिन हमले को रोकने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गयी। उन्होंने पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार से इस वीडियो को देखने और स्थिति का संज्ञान लेने की अपील की।
