
शाजापुर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके 25 वर्षों के गौरवपूर्ण सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा. अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री की सेवा यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी.
इस संबंध में रविवार दोपहर 12 बजे भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय शाजापुर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई. पत्रकार वार्ता को मध्यप्रदेश शासन के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नारायण सिंह पंवार एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने संबोधित किया. संचालन भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शिवहरे ने किया. आभार भाजपा जिला महामंत्री रायसिंह मालवीय ने माना. इस अवसर पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावद, भाजपा जिला पदाधिकारी एवं नगर मंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे. राज्य मंत्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहे हैं. 7 अक्टूबर 2001 से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और 26 मई 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने निरंतर राष्ट्र एवं जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आशीर्वाद का दीया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, बडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग-राष्ट्र के संग, सेवा फस्र्ट इनोवेशन चैलेंज तथा सुशासन, सेवा, संवाद जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे: पांडे
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी विशेषता सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण है. सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इन कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा. अभियान के अंतर्गत स्कूल-कॉलेजों एवं निजी विद्यालयों में विकसित भारत विषय पर चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं के साथ कार्यक्रम आयोजित कर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों का सम्मान किया जाएगा तथा स्वास्थ्य, पोषण एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जाएगी.
